शिक्षार्थियों द्वारा एक भव्य पथ संचलन का आयोजन
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग-प्रथम प्रशिक्षण के अन्तर्गत आज शिक्षार्थियों द्वारा एक भव्य पथ संचलन का आयोजन हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 22 मई से सरस्वती कुंज, निराला नगर, लखनऊ में संचालित हो रहा है, जिसमें काशी, कानपुर, गोरक्ष एवं अवध प्रांतों के कुल 289 कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अधिक ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष चतुर्थी, विक्रम संवत 2083 पर सायं 6 बजे प्रारम्भ हुआ पथ संचलन सरस्वती कुंज, निराला नगर से निकलकर आठ नम्बर चौराहा, विवेकानन्दपुरी, महानगर, आईटी मेट्रो स्टेशन (अयोध्या मार्ग), आईटी चौराहा तथा श्री रामकृष्ण मठ के सामने से होते हुए पुन: वर्ग स्थल पर सम्पन्न हुआ। पथ संचलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। संघ के घोष वाद्य की मधुर स्वर-रचनाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन शक्ति, देशभक्ति एवं सामूहिकता का प्रभावी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह, वर्ग कार्यवाह डॉ. देवेन्द्र अस्थाना, वर्ग पालक मिथिलेश नारायण, क्षेत्र प्रचारक अनिल तथा क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख अखिलेश, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष चंद्र सहित अन्य प्रमुख अधिकारी महानगर-10, अयोध्या मार्ग स्थल पर उपस्थित रहे और पथ संचलन का अवलोकन किया।





