फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया मंदिर
लखनऊ। गोमती नगर विस्तार स्थित खाटू श्याम मंदिर में वार्षिक उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाबा खाटू श्याम की प्राण प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। मंदिर के संस्थापक अलंकार पांडे आशु ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा से मंदिर लगातार श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व छात्र नेता सर्वेश सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे एवं आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं विभिन्न भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।





