मैक्सिको सिटी। सह-मेजबान मैक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के ऐतिहासिक उद्घाटन मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से शिकस्त देकर अपने अभियान का दमदार आगाज किया है। ऐतिहासिक मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। मैक्सिको के लिए जूलियन क्विनोन्स ने मैच के 9वें मिनट में ही बेहतरीन गोल दागकर टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले हाफ में दक्षिण अफ्रीकी टीम वापसी के लिए संघर्ष करती दिखी और 25वें मिनट में हुए हाइड्रेशन ब्रेक तक मैक्सिको ने खेल पर अपनी पकड़ मजबूत रखी, जिसके चलते पहला हाफ 1-0 के स्कोर पर समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं जब 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को एरिक गुटिएरेज पर फाउल करने के कारण सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ मैक्सिको ने एक खिलाड़ी की बढ़त का पूरा फायदा उठाया और 67वें मिनट में स्टार स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने एक और शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 84वें मिनट में वीएआर (VAR) समीक्षा के बाद दक्षिण अफ्रीका के थेम्बा ज्वाने को भी रेड कार्ड का सामना करना पड़ा, जिससे टीम 9 खिलाड़ियों पर सिमट गई। हालांकि इंजरी टाइम में मैक्सिको के डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को भी रेड कार्ड मिला, लेकिन तब तक मैक्सिको अपनी जीत सुनिश्चित कर चुका था।
इससे पहले, फीफा विश्व कप 2026 का आधिकारिक उद्घाटन एक बेहद भव्य और रंगारंग समारोह के साथ हुआ। संगीत, आतिशबाजी और आधुनिक रोशनी से सजे इस समारोह में शकीरा, जे बाल्विन, माना, बेलिंडा और बर्ना बॉय जैसे वैश्विक संगीत सितारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिसमें शकीरा और बर्ना बॉय की संयुक्त परफॉर्मेंस मुख्य आकर्षण रही। इस सांस्कृतिक महाकुंभ के समापन पर हॉलीवुड अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप ट्रॉफी के प्रदर्शन के साथ टूर्नामेंट के औपचारिक शुरुआत की घोषणा की, जिसके बाद इस प्रतिष्ठित फुटबॉल महाकुंभ का पहला मुकाबला खेला गया।





