100 से अधिक आवेदनों में से 33 महिला उद्यमियों का हुआ चयन, तीन दिवसीय बूट कैंप में मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
लखनऊ। महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर ने अपनी चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में फ्लो शी राइज के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। होटल क्लार्क अवध में आयोजित यह तीन दिवसीय विशेष एंटरप्रेन्योरशिप बूट कैंप 25 से 27 जून तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग एवं राष्ट्रीय स्टार्टअप प्रमुख प्रिया गौतम ने किया। इस अवसर पर पूजा गर्ग ने महिला उद्यमियों को नवाचार, नेतृत्व और आर्थिक विकास का प्रमुख वाहक बताते हुए ऐसे मंचों की आवश्यकता पर बल दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, रणनीतिक नेतृत्व, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांड निर्माण, फंडिंग और स्केलिंग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इस वर्ष कार्यक्रम के लिए विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक महिला उद्यमियों ने आवेदन किया था। एक कठोर चयन प्रक्रिया के बाद 33 प्रतिभाशाली महिला उद्यमियों को आॅफलाइन बूट कैंप में भाग लेने के लिए चुना गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र में महिला उद्यमिता विकास के सबसे केंद्रित और प्रभावशाली प्लेटफॉर्म्स में से एक माना जा रहा है। फ्लो शी राइज 2026 केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक संरचित विकास यात्रा है। इसके प्रथम चरण में तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद प्रतिभागियों की सहभागिता, प्रदर्शन और व्यवसायिक संभावनाओं के आधार पर शीर्ष 10 महिला उद्यमियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया जाएगा, जहां उन्हें उद्योग विशेषज्ञों और व्यवसायिक नेताओं से विशेष वन-टू-वन मेंटरशिप प्राप्त होगी। कार्यक्रम का समापन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फ्लो स्टार्टप में होगा, जहां प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने व्यवसाय को प्रस्तुत करने और व्यापक नेटवर्किंग के अवसर मिलेंगे। लखनऊ स्टार्टअप सेल की इस पहल का नेतृत्व देवांशी सेठ, एकता मौर्या और करिश्मा खन्ना कर रही हैं। उन्होंने महिला उद्यमियों के लिए सीखने, नेतृत्व विकास और व्यवसाय विस्तार का एक सशक्त मंच तैयार किया है। इस अवसर पर लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने कहा, महिला उद्यमी आज केवल सफल व्यवसाय नहीं चला रहीं, बल्कि नवाचार को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन करने और भारत की आर्थिक प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हमारा उद्देश्य महिला फाउंडर्स को व्यवसायिक ज्ञान, रणनीतिक स्पष्टता, अनुभवी मेंटरशिप और मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने उद्यमों का विस्तार कर सकें और समाज में सार्थक परिवर्तन ला सकें। कार्यक्रम को इन्वेस्ट यूपी के इन्वेस्ट लीड रवि पांडे ने भी संबोधित किया उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योर के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय मॉडल निर्माण, मूल्य निर्धारण, यूनिट इकोनॉमिक्स, सेल्स स्ट्रैटेजी, ब्रांडिंग, फंडरेजिÞंग, नेतृत्व विकास, सरकारी योजनाओं और स्टार्टअप सहायता कार्यक्रमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों और अन्य उद्यमियों के साथ मजबूत नेटवर्क विकसित करने का अवसर भी मिलेगा।





