-
प्रवेश पास की व्यवस्था को किया जाये सख्त
-
केवल प्रमाणित व्यक्तियों का ही हो प्रवेश
-
पान व गुटका पर लागू प्रतिबंध का कड़ाई से हो पालन
-
डोर-टू-डोर सर्वे व कांटेक्ट ट्रेसिंग ट्रेसिंग को किये जाये और प्रभावी
-
लखनऊ सहित पांच जिलों में संक्रमण रोकने के लिए हों विशेष प्रयास
-
जेलों में संक्रमण रोकने के लिए उठाये जायें सभी ज़रूरी कदम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सचिवालय के दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कड़ा रुख अपनाया है। योगी ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र सचिवालय में प्रवेश के लिए बिना ज़रुरत पास जारी न किये जायें।
एंट्री पास जारी करने की व्यवस्था को सख्त बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि सचिवालय में प्रमाणित व्यक्तियों का ही प्रवेश हो। उन्होंने पान, गुटका पर लागू प्रतिबंध का सचिवालय परिसर में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि त्वरित निर्णय लेकर कार्यों का निस्तारण किया जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पत्रावली किसी भी दशा में 07 दिन से ज़्यादा लंबित न रहे। मुख्यमंत्री ने टीम-11 के साथ अनलॉक की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए डोर-टू-डोर सर्वे, कांटेक्ट ट्रेसिंग और मेडिकल टेस्टिंग की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से चलाये जायें।
उन्होंने आईसीयू बेडों की संख्या में बढ़ोतरी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से संक्रमित व्यक्ति के समुचित इलाज और जीवन रक्षा के लिए उसे शीघ्रता से अस्पताल पहुंचाना ज़रूरी है। इसमें प्रभावी सर्विलांस की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर देते हुए उन्होंने इस कार्य को तत्परतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिये।
योगी ने कहा कि लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जायें। उन्होंने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा को शनिवार को कानपुर नगर जाकर मौके पर जिले की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज लखनऊ की स्थिति की समीक्षा करें। लखनऊ की टीम के साथ केजीएमयू के कुलपति और एसजीपीजीआई के निदेशक भी रहें। उन्होंने कहा कि कानपुर नगर और लखनऊ में हर हाल में संक्रमण का प्रसार नियंत्रित किया जाये। इसके लिए समीक्षा करके कमियां चिन्हित करते हुए उनका निराकरण कराया जाये।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि कानपुर नगर की समीक्षा करने वाली टीम 06 सितम्बर को प्रयागराज जाकर स्थिति की समीक्षा करे और कमियों को दूर कराये। उन्होंने कहा कि जेलों में कोरोना के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाये जायें। जेल कर्मियों की भी नियमित जांच की जाये। कैदियों को जेल भेजने से पहले अस्थायी जेल में रखा जाये।
योगी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जीएसटी के तहत बेहतर राजस्व संग्रह हुआ है। जीएसटी संग्रह में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में रजिस्ट्रेशन बढ़ाने पर जोर दिया जाये। व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न भरने के लिए प्रशिक्षित भी किया जाये। बुनकरों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किये जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाये।





