बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक संगीत बार में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।बैंकॉक नगर प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, 70 से अधिक लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 24 की हालत गंभीर बनी हुई है।बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित ‘रोंग बीयर ना लाडफ्राओ’ बार में रविवार देर रात आग लग गई थी।
पिछले 17 वर्षों में यह शहर की सबसे भीषण अग्निकांड की घटना है। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग आधा घंटा लगा।बार में एक समय में लगभग 600 ग्राहकों के बैठने की क्षमता होने का दावा किया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि रविवार रात वहां कितने लोग मौजूद थे।अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों और बार द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किए जाने संबंधी जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, अधिकतर मृतक खिड़की रहित शौचालयों में फंसे मिले, जहां वे संभवतः आग से बचने के लिए पहुंचे थे।मंगलवार को बार के पूर्व ग्राहक और अन्य शोकाकुल लोग घटनास्थल पर पहुंचे और वहां लगाए गए अवरोधकों के पास फूल अर्पित किए।पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए थाई भाषा के अलावा कोरियाई समेत अन्य भाषाओं में लिखे हस्तलिखित संदेश भी सफेद फूलों के साथ वहां रखे गए। आग लगने के कारणों की जांच कर रहे अधिकारियों ने सोमवार को बार के भीतर से पिघले हुए संगीत वाद्ययंत्र और जली हुई कुर्सियों सहित अन्य मलबा बाहर निकालकर फुटपाथ पर रख दिया था।थाई भाषा में बार को ब्रुअरी या बीयर हॉल कहा जाता है।





