वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा बुधवार सुबह 2 लाख 03 हजार 842 हो गया। 167 देश प्रभावित हैं। मरने वालों की संख्या 8 हजार 231 पहुंच गई है। 82,866 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका के वित्त मंत्री स्टीवन नूचिन के मुताबिक, अमेरिका में बेरोजगारी दर 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। अब यूरोप में एशिया से ज्यादा मौतें हो गई है।
यूरोप में कुल 3,421 और एशिया में 3,384 मौतें हो चुकी हैं। यूरोपियन यूनियन ने संक्रमण को रोकने के लिए बुधवार को अपनी सीमाओं को सील कर दिया। उधर, लॉस एंजिल्स के अस्पतालों में खून की कमी हो गई है। इसकी वजह रक्तदान करने वालों की कमी है। हवाई द्वीप ने पर्यटकों से फिलहाल न आने की गुजारिश की है।
अमेरिकी सरकार संक्रमण से बेहतर तरीके से निपटने के लिए जल्द ही नेवी के दो हाईटेक शिप इस्तेमाल कर सकती है। इस बीच, श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने बुधवार सुबह एक आदेश जारी किया। इसमें कहा गया, कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए श्रीलंका में अगले दो हफ्ते तक किसी इंटरनेशनल फ्लाइट को उतरने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मंगलवार को सरकार ने तीन दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की थी। श्रीलंका में बुधवार सुबह तक कुल 44 मामले सामने आ चुके थे। वहीं, सऊदी अरब सरकार ने संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्राईवेट सेक्टर को 15 दिन के लिए बंद करने के आदेश दिए। सरकारी बयान में कहा गया, पानी, बिजली और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी प्राईवेट सेक्टर में 15 दिन कामकाज नहीं होगा। सऊदी में मंगल वार तक संक्रमण के 171 मामले सामने आ चुके थे।
उधर, जापान सरकार के हवाले से बताया है कि प्रधानमंत्री शिंजो आबे जल्द ही कोरोनावायरस के कारण उपजे हालात पर समीक्षा बैठक करेंगे। आबे की दिक्कत टोक्यो ओलिंपिक को लेकर ज्यादा है। दुनिया में कई खेल आयोजन रद्द किए जा चुके हैं। इंटरनेशनल ओलिंपिक एसोसिएशन पर भी दबाव बढ़ रहा है। इस बीच, अमेरिका के हवाई द्वीप की अर्थव्यवस्था मुख्य तौर पर पर्यटन पर निर्भर है। लेकिन, कोरोनावायरस ने इसे झकझोर दिया है। गवर्नर डेविड इगे ने होनोलुलु में कहा, मैं उन सभी पर्यटकों से विनम्र आग्रह कर रहा हूं कि वो हवाई में छुट्टियां मनाने का कार्यक्रम कम से कम एक महीने के लिए टाल दें।
वहीं, अमेरिका में 50 राज्य हैं। बुधवार को कोरोनावायरस ने इन सभी को चपेट में ले लिया। बुधवार को अमेरिका में कोरोना से मौत का आंकड़ा 105 हो गया। वेस्ट वर्जीनिया में कोरोना का पहला मामला मंगलवार शाम सामने आया। वॉशिंगटन में 50 लोग संक्रमण से मारे जा चुके हैं। न्यूयॉर्क में 12 और कैलिफोर्निया में 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
वित्त मंत्री स्टीवन नूचिन ने रिपब्लिकन सीनेटर्स को बताया कि संक्रमण का खतरा इसी तरह बढ़ता रहा तो अमेरिका अर्थव्यवस्था की हालत 2008 की आर्थिक मंदी से भी बदतर हो सकती है। नूचिन ने चेतावनी दी कि कोरोना की वजह से बेरोजगारी दर 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसके पहले अमेरिकी मीडिया ने चेतावनी दी थी कि कोरोना का असर हेल्थ सेक्टर के साथ अर्थव्यवस्था को भी तबाह कर सकता है। उधर, संयुक्त राष्ट्र ने इस हफ्ते प्रस्तावित सुरक्षा परिषद की सभी बैठकों को रद्द कर दिया है।
सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता फिलहाल चीन के पास है। चीन ही कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। संक्रमण का पहला मामला भी यहीं सामने आया था। हालांकि, यूएन ने एक बयान में ये भी कहा है कि राजनयिकों और मीडिया के लिए विश्व संस्था खुली रहेगी। वहीं, एक अखबार के मुताबिक, इजराइली जल्द ही देश में मेडिकल फेसेलिटीज को मदद करने जा रही है। इसके लिए तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए सेना ने एक आदेश भी तैयार कर लिया है, जिस पर सरकार विचार कर रही है।





