श्रील प्रभुपाद के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की
लखनऊ। मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी के निर्देशन एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अचिंत्य रूपिणी माता जी के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय कृष्णा भावनामृत संघ, लखनऊ द्वारा आयोजित किड्स समर कैंप का चतुर्थ दिवस अत्यंत उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण मे सम्पन्न हुआ। कैंप के चतुर्थ दिवस की शुरूआत बच्चों द्वारा श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के मंगलमय दर्शन एवं कीर्तन से हुयी। आज के विशेष दिवस पर बच्चों ने इस्कॉन के संस्थापक आचार्य भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद का श्रील प्रभुपाद दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर धन्यवाद कार्ड बनाकर श्रील प्रभुपाद के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही बच्चों ने श्रील प्रभुपाद प्रणाम मंत्र का स्मरण किया और उनके दिव्य जीवन परिचय, भक्ति आंदोलन के प्रचार तथा विश्वभर में कृष्ण भावनामृत के प्रसार के बारे में जाना। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न आध्यात्मिक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने आनंदपूर्वक भाग लिया। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जोड़ना है। प्रतिदिन आयोजित हो रही विविध गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में संस्कार, अनुशासन एवं भक्ति भाव का विकास किया जा रहा है। अंत में बच्चों को दिव्य प्रसाद के रूप में मिनी बर्गर एवं बनाना शेक वितरित किया गया, जिसका सभी ने हर्षपूर्वक आनंद लिया।





