पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया
दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में बम धमाका होने के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुआ। ब्लास्ट इतना भीषण था कि काफी दूर तक इसकी धमक दिखी और आग भड़क गई। कई कारें इस आग की चपेट में आईं और इस वजह से अब तक 8 लोगों के मरने और 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इस विस्फोट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया, ‘आज शाम लगभग 7 बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 गाड़ी में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। NSG और NIA की टीमों ने FSL के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी CCTV कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे।’केंद्रीय गृहमंत्री ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, ‘दिल्ली में हुए विस्फोट में हुई जान-माल की हानि को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैंने धमाका स्थल का दौरा किया है और अस्पताल में घायलों से मुलाकात भी की है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शीर्ष एजेंसियां पूरी तत्परता से घटना की जांच कर रही हैं और गहराई से जांच करेंगी।’ मृतकों में से दो की पहचान अशोक कुमार (34), निवासी अमरोहा, यूपी और अमर कटारिया (35) निवासी- श्रीनिवासपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। इसके अलावा अन्य छह मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।





