नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा भीषण गर्मी और हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं ने लोगों को आंधी जैसा एहसास कराया। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश भी देखी गई। वहीं कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए तपती गर्मी से राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रहने वाली है, क्योंकि मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
आईएमडी की ओर से जारी लोकल वेदर रिपोर्ट एंड फोरकास्ट के अनुसार 23 मई से 28 मई तक लगातार हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक 23 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी है।
24 मई को तापमान और बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। इस दिन भी दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं और लू की स्थिति बनी रहेगी। विभाग के अनुसार 25 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में 26 और 27 मई को भी 45 डिग्री तापमान के साथ हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
26 मई को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और आर्द्रता 30 से 20 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। 27 मई को आर्द्रता बढ़कर 40 से 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। 28 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि शनिवार सुबह बदले मौसम ने लोगों को राहत का एहसास कराया, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह केवल अस्थायी बदलाव है।
तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान अगले कई दिनों तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।





