गॉल। भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल ने बुधवार को यहां कहा कि उनकी टीम श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में जल्द से जल्द जीत हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध थी क्योंकि उन्हें पता था कि भारी बारिश होने वाली है। भारत के 165 रन से जीत हासिल करने के ठीक पांच मिनट बाद बारिश शुरू हो गई।
राहुल ने कहा, हमें पता था कि तेज बारिश होने वाली है और इसलिए हम जल्द से जल्द उनकी पारी समाप्त करना चाहते थे। ईमानदारी से कहूं तो हमें बहुत राहत मिली है।श्रीलंका खेल को लंबा खींचना चाहता था लेकिन एक बार विकेट गिरने के बाद वह संभल नहीं पाया।
राहुल ने कहा, उनके बीच एक बड़ी साझेदारी हुई थी, लेकिन हम जानते थे कि अगर हम उसे तोड़ दें, तो हम उनकी बल्लेबाजी में सेंध लगा सकते हैं। यह एक शानदार टेस्ट मैच था।उन्होंने कहा, पांचों दिन विकेट अच्छा रहा। स्पिनरों को कुछ मदद मिल रही थी लेकिन जिन बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
राहुल ने तेज गेंदबाजों की भी प्रशंसा की और कहा कि भारत ने विकेट लेने के एक और अवसर के रूप में नई गेंद को ध्यान में रखा था।उन्होंने कहा, तेज गेंदबाजों ने भी विकेट लिए। हमें पता था कि नई गेंद आने वाली है और अगर हम विकेट नहीं ले पाते तो हम जानते थे कि नई गेंद से हमारे पास मौका होगा।





