नयी दिल्ली। यमन और सोमालिया के तट के पास अलग-अलग घटनाओं में समुद्री डाकुओं ने दो वाणिज्यिक पोत का अपहरण कर लिया, जिन पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार हैं। पोत परिवहन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र समुद्री डाकुओं ने 20 अगस्त को इरिट्रिया के ध्वज वाले तेल उत्पाद टैंकर ‘एम टी सिबू 1’ का अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर अपहरण कर लिया। इस पोत के चालक दल के 20 सदस्यों में 16 भारतीय हैं।
उन्होंने बताया कि समुद्री डाकुओं ने कैमरून के ध्वज वाले एक अन्य मालवाहक पोत का 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास अपहरण कर लिया। इस पोत के चालक दल के 10 सदस्यों में छह भारतीय हैं।अधिकारियों ने बताया कि ताजा जानकारी के अनुसार, भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।





