हमने कई सामाजिक मुद्दों को भी उठाने की कोशिश की
लखनऊ। टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री सुंबुल तौकीर ने हाल ही में दिए एक खास इंटरव्यू में अपने शो इत्ती सी खुशी के खत्म होने पर दिल की बात साझा की। इस दौरान सुंबुल ने बताया कि इंडस्ट्री में उनका सफर कैसा रहा, किन अनुभवों ने उन्हें मजबूत बनाया और आगे वह किन नए सपनों को पूरा करना चाहती हैं। इस बातचीत के दौरान उन्होंने अपने को-स्टार्स, रंगभेद जैसे मुद्दों, हॉलीवुड में काम करने की इच्छा और ब्रेक प्लान्स पर भी अपनी राय दी।
इत्ती सी खुशी अब खत्म हो रहा है, इस पर आप क्या कहना चाहेंगी?
यह शो मेरे दिल के बहुत करीब रहा है. इस सफर ने मुझे कई खूबसूरत यादें दी हैं और सेट पर हमने बहुत अच्छा समय बिताया. इस शो के जरिए हमने कई सामाजिक मुद्दों को भी उठाने की कोशिश की, जो मेरे लिए बहुत खास बात रही. बेशक, अगर यह सफर थोड़ा और लंबा चलता तो हम और भी बेहतर कर सकते थे, लेकिन कुछ चीजें हमारे हाथ में नहीं होतीं. फिर भी मैं इस शो से जुड़ी हर याद और दर्शकों के प्यार के लिए दिल से शुक्रगुजार हूं।
आपने अपने को-स्टार्स के साथ काम करते हुए क्या सीखा और आपका अनुभव कैसा रहा?
मेरे सभी को-स्टार्स के साथ काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा। शूटिंग के दौरान कभी अजनबी सा नहीं महसूस हुआ, बल्कि ऐसा लगता था जैसे हम घर पर ही शूट कर रहे हों. माहौल बहुत सहज, आरामदायक और खुशनुमा था, जिससे काम करना और भी आसान हो गया. जहां तक सीखने की बात है, तो मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला. हर कलाकार का सीन की तैयारी करने का अपना अलग तरीका होता है. हमने कई बार साथ में सीन इम्प्रोवाइज भी किए, जो मेरे लिए बहुत खास अनुभव रहा. मेरा मानना है कि अच्छे कलाकारों के साथ काम करने से हमेशा कुछ नया सीखने को मिलता है।
अब तक का आपका करियर सफर कैसा रहा और क्या आज आप खुद को सफल मानती हैं?
अब तक के इस सफर में मैंने बहुत कुछ देखा, सीखा और अनुभव किया है. कई यादें ऐसी हैं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी, जिनमें कुछ बेहद खूबसूरत हैं तो कुछ चुनौतीपूर्ण भी. लेकिन अगर कुल मिलाकर कहूं, तो यह सफर बहुत सुंदर रहा है। मुझे अच्छे प्रोजेक्ट्स मिले, बेहतरीन मौके मिले और सबसे जरूरी लोगों का प्यार मिला. जहां तक सफलता की बात है, तो मैं अभी खुद को पूरी तरह सफल नहीं मानती। मुझे लगता है कि अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना बाकी है. मैं लगातार सीख रही हूं, खुद को बेहतर बना रही हूं और आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हूं।
क्या इंडस्ट्री में आपको कभी रंगभेद का सामना करना पड़ा?
हाँ, जब मैं नई थी तब कई बार ऐसा हुआ, उस समय लोग ह्यफेयरह्ण यानि गोरे बच्चों को ज्यादा पसंद करते थे। मुझे यह बिल्कुल सही नहीं लगा। आज भी छोटे शहरों में ऐसी बातें होती हैं और मैं इसके पूरी तरह खिलाफ हूं. किसी का रंग कभी उसकी पहचान नहीं होना चाहिए।
आप अपने करियर में किस तरह की फिल्में करना चाहती हैं?
मुझे स्पाई एक्शन फिल्में करना बहुत पसंद होगा, इसके अलावा इस समय थ्रिलर जॉनर भी मेरा पसंदीदा है और मैं इन दिनों काफी थ्रिलर फिल्में देख रही हूं। अगर मुझे मौका मिला तो मैं हॉलीवुड फिल्मों में भी काम करना चाहूंगी। यह मेरा एक बड़ा सपना है. जेम्स कैमरून, क्रिस्टोफर नोलन और डेविड फिंचर जैसे शानदार निर्देशकों के साथ काम करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा होगा।
एक्टिंग के अलावा आपको और क्या पसंद है?
मुझे लिखना बहुत पसंद है. जब मैं इमली शो कर रही थी, उस समय मैं छोटी-छोटी कविताएं लिखा करती थी, लेकिन अब मैं कहानियां लिखती हूं. अब तक मैं दो कहानियां लिख चुकी हूं, जिनमें एक शॉर्ट फिल्म की कहानी है और दूसरी एक ट्रिलॉजी (तीन भागों में बनी कहानी) पर आधारित है। इसके अलावा मुझे सिनेमैटोग्राफी में भी काफी दिलचस्पी है और मैं इसे प्रोफेशनली सीखना चाहती हूं।
आप अपनी किस खूबी को सबसे खास मानती हैं?
मुझे डांस बहुत पसंद है, मैं यह नहीं कहूंगी कि मैं सबसे बेहतरीन डांसर हूं या सबसे अच्छी अभिनेत्री हूं, लेकिन मेरे अंदर हमेशा खुद को बेहतर बनाने की चाह है। मैं हर काम में परफेक्ट होना चाहती हूं और उसी दिशा में आगे बढ़ रही हूं।
अब आपका आगे का क्या प्लान है?
फिलहाल मैं छुट्टियों के मूड में हूं. थोड़ा ब्रेक लेना चाहती हूं, ट्रैवल करना चाहती हूं और नई चीजें एक्सप्लोर करना चाहती हूं, जिंदगी में नए अनुभव लेना चाहती हूं।
आपके फैंस शिकायत करते हैं कि आप सोशल मीडिया पर बहुत कम एक्टिव रहती है? इसपर क्या कहना चाहेंगी आप?
हाँ, सब लोग शिकायत करते हैं कि मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा नजर नहीं आती. लेकिन अब जब मैं ट्रैवल करूंगी तो लोगों को जरूर दिखेगा कि मैं क्या कर रही हूं. मैं अपने फैंस से जुड़ी रहूंगी।
आप अपने फैंस को क्या मैसेज देना चाहेंगी?
अब तक इस पूरे सफर में मुझे इतना प्यार देने के लिए दिल से धन्यवाद। मैं बहुत जल्द वापस आऊंगी और उम्मीद है कि जो भी काम करूंगी, वह आपको पसंद आएगा।





