मुंबई। भारी बारिश के कारण कर्जत-लोनावला भोर घाट खंड में भूस्खलन होने के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल सेवाएं सोमवार तड़के निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि घाट खंड में ठाकुरवाडी के पास भूस्खलन हुआ।
उन्होंने बताया कि तड़के तीन बजकर पांच मिनट पर खंडाला और मंकी हिल के बीच मध्य लाइन पर एक और भूस्खलन की सूचना मिली।नीला ने कहा कि भूस्खलन के कारण तीनों रेलवे लाइन प्रभावित हुई हैं, जिसके कारण मध्य रेलवे को कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, उनका मार्ग परिवर्तन और नियंत्रित करना पड़ा।
नीला ने कहा, कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण पूर्व घाट खंड में लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई मंडल की अप लाइन पर ठाकुरवाडी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भूस्खलन हुआ। इस व्यवधान के कारण सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी की कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया, आंशिक रूप से रद्द किया गया, बदले हुए स्टेशन से शुरू किया गया या उनके समय में बदलाव किया गया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बहाली का काम किया जा रहा है।





