जम्मू। जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से।,211 महिलाओं सहित 5,794 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था सोमवार तड़के अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 60,000 श्रद्धालु गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पांचवें जत्थे में 21 बच्चे, 599 साधु और 76 साध्वियां शामिल हैं। वे तड़के तीन बजकर 10 मिनट से तीन बजकर 45 मिनट के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में अलग-अलग काफिलों में आधार शिविर से रवाना हुए। इनमें से 139 वाहनों में सवार 3,490 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पहलगाम में नुनवान आधार शिविर की ओर जा रहे हैं, जबकि 128 वाहनों में 2,304 तीर्थयात्री गांदरबल जिले के बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए हैं।
तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग से एक साथ यात्रा कर रहे हैं।दक्षिण हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर की इस 57 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व के साथ होगा।





