नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को शाह का लेक्चर सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनकी मांग है कि सरकार यह स्पष्ट करे कि दिल्ली में छात्रों पर कथित गोलीबारी और लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया।राहुल गांधी ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी का सीधा सवाल है कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया और किसके आदेश पर लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने एक छात्र के कथित रूप से अंधे होने का भी मुद्दा उठाया।
राहुल गांधी ने अमित शाह के सामने दो सवाल रखते हुए कहा कि अगर उन्होंने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था, तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे। वहीं, अगर उन्होंने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया था और उन्हें घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी, तो राहुल गांधी ने उनकी क्षमता पर सवाल उठाते हुए इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेता ने अमित शाह पर संसद में आने से बचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि शाह करीब 20 दिनों तक गायब रहे और उनके आवास के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि अमित शाह के गुब्बारे से हवा निकल गई है और अब आखिरी समय में उसमें फिर से हवा भरने की कोशिश की जा रही है, लेकिन गुब्बारा फट चुका है।
इससे पहले अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर विपक्ष छात्रों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, तो वह हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ है और छात्रों से जुड़े मुद्दे समेत विभिन्न विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के कारण दोनों सदनों में लगातार गतिरोध देखने को मिल रहा है।





