हर्षोल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, शहर भर के गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं ने चखा गुरु का प्रसाद
लखनऊ। सतगुरु नानक प्रगट्या, मिटी धुंध जग चानन होया, कलतारण गुरु नानक आया, ज्यों कर सूरज निकलया तारे छपे अंधेर पोलावा…। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह शबद गुरुद्वारों में गूंजायमान हो रहे थे। कथा वाचक अपनी वाणी व रागी ढाडी जत्थे अपने कीर्तन से गुरु की महिमा का जो बखान कर रहे थे उसे गुरु घर में पहुंची संगत आस्था के समंदर में गोते लगा रही थी। बुधवार को राजधानी के गुरुद्वारों में ऐसा ही नजारा था, जहां हजारों की तादाद में संगत माथा टेकने को उमड़ी।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन लखनऊ में गुरुनानक जी का 556वां प्रकाश पर्व श्रद्धा व धूमधाम से मनाया गया। शहर भर के गुरूद्वारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कानपुर रोड एलडीए कालोनी गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा मानसरोवर, सदर गुरुद्वारा, नाका हिण्डोला गुरूद्वारा, यहियागंज गुरूद्वारा, हरिओम मंदिर, आशियाना गुरूद्वारा, इंदिरानगर गुरूद्वारा सहित कई जगहों पर गुरूनानकदेव जी का प्रकाशपर्व धूमधाम से मनाया गया।
जगत गुरु साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव (जन्मोत्सव) बुधवार को श्री गुरु सिंह सभा नाका हिंडोला की ओर से डीएवी इण्टर कालेज ऐशबाग रोड, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।
श्री अखण्ड पाठ साहिब जी की समाप्ति के पश्चात पाँच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए गुरूद्वारा साहिब से नाका हिण्डोला होते हुए डीएवी इण्टर कालेज ऐशबाग रोड में सजे पंडाल में ले जाया गया। भव्य पंडाल को बहुत खूबसूरती से सजाया गया था जिसमें फूलों से सुसज्जित भव्य स्टेज पर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई दिलेर सिंह जी द्वारा पवित्र आसा की वार के अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरम्भ हुआ। बहुत सुबह से ही लखनऊ एवं आस-पास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु डीएवी इण्टर कालेज में पहुॅचने लगे तथा पक्तियों में खडे़ होकर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी के दर्शन के पश्चात अपना स्थान ग्रहण कर गुरूबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र द्वारा आधे घन्टे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष डा. अमरजोत सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी तथा बधाई संदेश आकाशवाणी लखनऊ द्वारा भी प्रसारित किया गया। विशेष रूप से पधारे भाई गुरविंदर सिंह जी हजूरी रागी श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर साहिब वालों ने अपनी मधुरवाणी में सतिगुर नानक प्रगटिआ मिटी धुंध जगि चानणु होआ।। शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। प्रचारक गुरजिंदर सिंह जी मलकपुर वालों ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई रकम सिंह जी बनारस वालों ने शबद कलि तारण गुरु नानक आइया।। शबद कीर्तन गायन कर संगतों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा,लखनऊ की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया। डीएवी इण्टर कालेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला जिसका संचालन धार्मिक सचिव सरबजीत सिंह ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसियेशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, चाय/काफी, ब्रेड छोले, जलेबी, कड़ी चावल, गन्ने के रस की खीर आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई। लंगर पकवाने एवं वितरण की व्यवस्था स. हरमिन्दर सिंह टीटू, तजिन्दर सिंह एवं इंदरजीत सिंह देखरेख में हुई। दोपहर 12:00 बजे से गुरू का लंगर संगत में वितरित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर ग्रहण किया। अरदास के उपरान्त उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति पर श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष डा. अमरजोत सिंह एवं महामंत्री स. मनमीत सिंह बन्टी ने सभी सिख संगठनों/जत्थेबन्दियों को गुरू जी की कृपा सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
हजारों भक्तों ने छका लंगर:
गुरुनानक प्रकाश पर्व पर डीएवी कॉलेज मैदान में हुए भव्य आयोजन के दौरान हजारों भक्तों ने पांत में बैठकर लंगर छका। संगत को दही जलेबी, छोला, चावल, ब्रेड कॉफी का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर सेवाभाव की मिसाल भी देखने को मिली। सिख समुदाय के बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी संगत को लंगर छकाने में अपना योगदान देते नजर आए। एलडीए कालोनी में मानसरोवर स्थित गुरू सिंह सभा में ग्रंथी भाई राजदीप सिंह ने पाठ किया व हुजूर रागी भाई लाखन सिंह ने आरती गायन किया।
आशियाना गुरुद्वारा:
आशियाना गुरुद्वारा में सुबह सखुमनि साहिब से दीवान का आरंभ हुआ। इसके बाद हिमाचल रागी जत्थे ने कीर्तन गायन कर संगत को निहाल किया। आशियाना गुरुद्वारे के प्रधान सरदार जसवीर सिंह ने सभी को गुरु पर्व की बधाई दी। अंत मे सभी के बीच गुरु का लंगर वितरित किया गया।
हरिओम मंदिर में भी मना प्रकाश पर्व:
हरिओम मंदिर में भी गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रकाश पर्व पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस मौके पर अखंड साहब का पाठ किया गया।
गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा मानसरोवर:
गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा मानसरोवर, एलडीए कालोनी, कानपुर रोड लखनऊ में सिक्खों के प्रथम गुरू साहिब धन-धन श्री गुरू नानक देव महाराज जी का पावन पवित्र प्रकाश उत्सव बड़ी श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गुरूद्वारा साहिब में बड़ी ही खूबसूरती से अन्दर हाल लाईटों, फूलों एवं गुब्बारों से सजाया गया। विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। सायंकाल 6 बजे से विशेष कीर्तन दरबार का शुभारम्भ हेड ग्रन्थी भाई राजदीप सिंह ने श्री रहरास साहिब जी के पाठ से किया। तत्पश्चात हजूरी रागी भाई एवं साथियों द्वारा आरती का गायन किया गया एवं भाई दिनेश सिंह के जत्थे द्वारा गंग बनारस हिन्दुवा मुसलमानां मक्का काबा…, सतगुरू नानक प्रगटिया मिटी धुन्ध जग चांनण होवा…,गायन करके संगतों को निहाल किया।
सदर गुरुद्वारे में शबद कीर्तन सुन संगत हुए निहाल:
कल तारण गुरु नानक आया…
लखनऊ। सदर गुरुद्वारा में साहिब श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस शुभ अवसर की जानकारी सरदार तेजपाल सिंह रोमी, अध्यक्ष गुरुद्वारा सदर ने दी। कार्यवाहक अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी, सचिव गुरुद्वारा सदर एवं लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत भाई गुरविंदर सिंह जी द्वारा आसा की वार के मधुर कीर्तन से की गई। विशेष रूप से श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर से पधारे हजूरी रागी भाई अरविंद सिंह नूर जी ने कल तारण गुरु नानक आया… शब्द का कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को आत्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। यश भारती सम्मानित वीर दविंदर सिंह जी ने जाहर पीर जगत गुरु बाबा शब्द का रसपूर्ण गायन कर दीवान को रूहानी भावनाओं से भर दिया। हेड ग्रंथी ज्ञानी हरविंदर सिंह जी ने अपने विचारों में साहिब श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, उपदेशों और मानव कल्याणकारी संदेशों को कथा के माध्यम से संगत के समक्ष रखा। सेवा और सेहत के क्षेत्र में योगदान देते हुए गुरु हर राय डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें डॉ. सरजीत सिंह ने संगत की स्वास्थ्य जांच एवं प्रशिक्षण किया। दीवान के उपरांत गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें भारी संख्या में संगत ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में गुरुद्वारा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार इंदर सिंह छाबड़ा, सरदार कुलबीर सिंह कोहली, सरदार जसविंदर सिंह बेदी, अमृतपाल सिंह भल्ला, रंजीत सिंह लाली, कोषाध्यक्ष सरदार इंद्रजीत सिंह खालसा, सरदार गुरमीत सिंह राजपाल, सरदार आई.एस. बिंद्रा, सरदार भूपेंद्र पाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने तन-मन-धन से सेवा करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यहियागंज गुरुद्वारे में 556 वें प्रकाश पर्व पर सजा विशेष दीवान
लखनऊ।
श्री गुरु नानक देव जी का 556 वां प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यहियागंज में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आज शाम को 7:00 बजे से देर रात तक विशेष दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा साहब को विशेष प्रकार के फूलों एवं लाइटों से सजाया गया था। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि डॉ गुरमीत सिंह के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री दरबार साहब अमृतसर से भाई निर्भय सिंह जी एवं भाई जगतार सिंह खालसा ने शबद कीर्तन एवं ज्ञानी सतनाम सिंह राजपुरा ने कथा द्वारा संगतो को निहाल किया। हेड ग्रंथी ज्ञानी परमजीत सिंह जी ने सभी को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शुभकामनाएं दी। देर रात्रि 1:00 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहब जी के ऊपर गुलाब के फूलों से फूलों की वर्षा की गई। कार्यक्रम की समाप्ति पर विशेष मिष्ठान प्रसाद एवं गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
मवैया गुरुद्वारा:
आज मवैया गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी के जन्म दिवस के अवसर पर धूमधाम से पूजा पूजा एवं कीर्तन आयोजन किया गया जिसमें पूरा सिंधु समाज सिंधु समाज के सम्मानित मुखी साहब गुरुद्वारा अध्यक्ष रमेश तलरेजा हरीश तालरेजा अमरनाथ चौधरी गौतम राजपाल एवं समस्त सिंधी समाज के सभी लोगों ने पूजा अर्चना किया इसमें मुख्य अतिथि आलमबाग आश्रम से साईं हरीश जी शामिल सम्मिलित हुए।





