हैदराबाद। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन जैसे होनहार तेज गेंदबाजों को मैदान में उतारने के बाद संतुलित नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शनिवार को यहां चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में नए आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।अनुभवी गेंदबाज हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट की जगह टीम में शामिल किए गए इस युवा जोड़ी ने आते ही शानदार प्रदर्शन किया और पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स का स्कोर पहले तीन ओवरों के अंदर ही पांच विकेट पर नौ रन कर दिया। इससे रॉयल्स को इस सत्र की पहली हार का सामना करना पड़ा।विदर्भ के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज हिंगे ने शुरू में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस जैसे बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट लिए।
बिहार के रहने वाले 21 वर्षीय हुसैन ने भी अपने पदार्पण मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बीच के ओवरों में अपनी विविधता पूर्ण गेंदबाजी से प्रभावित किया और चार विकेट लिए जिससे राजस्थान 216 रन का पीछा करते हुए 159 रन पर आउट हो गया। इन दोनों युवा गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सनराइजर्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिली है। इससे उस टीम को बेहतर संतुलन मिला है जो अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों पर बहुत अधिक निर्भर थी।
हिंगे और हुसैन अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखकर सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर और दबाव बनाने की कोशिश करेंगे, जो इस सत्र में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। अब तक पांच मैच में उनका उच्चतम स्कोर 28 रन है। संजू सैमसन के टी20 विश्व कप वाली फॉर्म में वापसी करने से सीएसके को कुछ राहत मिली है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद शतक जड़ा और उसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत में 48 रन बनाए।गायकवाड़ के फॉर्म में न होने के कारण सीएसके उन्हें मध्यक्रम में भेजने और युवा आयुष म्हात्रे को पारी के शुरूआत करने के लिए भेजने पर विचार कर सकता है।
आयुष ने अपनी पिछली चार पारियों में दो अर्धशतक लगाकर प्रभावित किया है।पांच बार की चैंपियन सीएसके की टीम ने लगातार दो मैच जीतकर अच्छी वापसी की है। उसकी तरफ से अभी तक महेंद्र सिंह धोनी ने कोई मैच नहीं खेला है लेकिन उनके अगले मैच तक फिट होने की संभावना है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो सीएसके के लिए करारा झटका है।
धोनी और नाथन एलिस की कमी पहले से ही खल रही है और अब सीएसके को अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में फेरबदल करना होगा। खलील की जगह लेने के लिए उसके पास रामकृष्ण घोष के रूप में एक और विकल्प हैं। अपने शुरूआती चार मैचों में से तीन में हारने के बाद सनराइजर्स ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार वापसी की है। वह अपने इस अभियान को जारी रखने की पूरी कोशिश करेगा।
टीम इस प्रकार हैं:
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी।
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष और मुकेश चौधरी.
मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।





