उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान में पांच सौ से अधिक छात्र छात्राओं ने किया योग
लखनऊ। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-यू, अलीगंज में उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता सहित शासकीय अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह, संपर्क प्रमुख सचिन गुप्त, लेखाकार दिनेश मिश्रा, समाजसेवी रामू गुप्ता, भाजपा महामंत्री टिंकू सोनकर, विद्यालय के अध्यक्ष आर के गर्ग, प्रबंधक अभिनव भार्गव, कोषाध्यक्ष के. आर. कनौजिया तथा प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, अनुराग साहू का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने कहा कि योग और व्यायाम तन एवं मन दोनों को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सुखी जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में योगाभ्यास का संचालन प्रवेंद्र कुमार सिंह, प्रियंका सिंह सहयोगियों के साथ कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, मकरासन, सेतुबंधासन एवं शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान का भी अभ्यास कराया गया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक अभिनव भार्गव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भावना सिंह ने किया।





