कुआलालंपुर। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मंगलवार से यहां शुरू होने वाले मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट के पुरुष एकल में अपने प्रदर्शन में सुधार करके फ्रांस से थॉमस कप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला चुकता करने की कोशिश करेंगे। भारत इसी महीने की शुरूआत में डेनमार्क के होर्सेन्स में थॉमस कप के सेमीफाइनल में फ्रांस से 0-3 से हार गया था और उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।
भारत इस मुकाबले में अपने तीनों एकल मैच हार गया था।अब मलेशिया मास्टर्स में भारतीय खिलाड़ियों का फिर से फ्रांस के खिलाड़ियों से मुकाबला होगा और इस बार वह किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। कोहनी की चोट के कारण फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में नहीं खेल पाने वाले स्टार भारतीय शटलर लक्ष्य सेन इंडोनेशिया के मोह जाकी उबैदिल्लाह के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेंगे।भारत के अन्य खिलाड़ी मुकाबला हालांकि फ्रांस के खिलाड़ियों से होगा। इनमें थारुन मन्नेपल्ली फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से, किरण जॉर्ज सातवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स लैनियर से और एचएस प्रणय क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे। एस शंकर मुथुसामी सुब्रमणियन को क्वालीफाइंग राउंड से गुजरना होगा।
हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन को पुरुष युगल में थॉमस कप के सेमीफाइनल में खेलने का मौका नहीं मिला था। भारत की यह जोड़ी यहां क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव की सातवीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी जोड़ी का सामना करेगी। भारतीय महिला एकल खिलाड़ियों में तन्वी शर्मा का मुकाबला थाईलैंड की पिचमोन ओपटनीपुथ से, छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुडा का चीन की हान कियान शी से, मालविका बंसोड़ का जर्मनी की यवोन ली से और अनमोल खरब का डेनमार्क की आठवीं वरीयता प्राप्त लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड से होगा।
रक्षिता श्री संतोष राम का मुकाबला जापान की नात्सुकी निदैरा से होगा, जबकि इशारानी बरुआ को पहले दौर में डेनमार्क की पांचवीं वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसन की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। देविका सिहाग क्वालीफायर में खेलेंगी। महिला युगल में अश्विनी भट के और शिखा गौतम का मुकाबला कनाडा की जैकी डेंट और क्रिस्टल लाई से, जबकि रुतापर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा का जापान की दूसरी वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी से होगा।मिश्रित युगल में अशिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश का सामना इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुडी और मेलाती डेवा ओक्टावियांती से होगा, जबकि रोहन कपूर और रूतविका शिवानी गद्दे इंडोनेशिया के अमरी सयानावी और नीता वायलिना मारवाह से भिड़ेंगे।





