सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 3 बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 63344 (समस्तीपुर-सहरसा) के इंजन और उससे जुड़े कोच में आग लग गई। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही, उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते ये आग तीन बोगियों तक पहुंच गई। जिस समय ये हादसा हुआ उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में ही थे।
आग और धुएं की खबर मिलते ही ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बिना देर किए ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। समय रहते सभी यात्री ट्रेन से बाहर निकल गए। इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रेन आग लगने की सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कवायद शुरू कर दी। करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 6 बजे के बाद सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य हो सका।





