चेन्नई। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए दावा किया कि अतिरिक्त सीटें जीतने वाली पार्टी को द्रमुक की तुलना में केवल 17.43 लाख अधिक वोट मिले हैं। वह 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव का जिक्र कर रहे थे, जिसमें द्रमुक और उसके सहयोगियों ने 74 सीटें जीतीं। द्रमुक ने अकेले 59 सीटों पर विजय हासिल की।एक बयान में स्टालिन ने कहा,हमारे और उनके बीच वोट प्रतिशत का अंतर मात्र 3.52 प्रतिशत है। उनका इशारा अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके की जीत की ओर था।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। द्रमुक की अगुवाई वाले गठबंधन को 1.54 करोड़ वोट मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा, मैं आप में से हर एक के वोट को विश्वास के अमूल्य प्रतीक के रूप में देखता हूं। उन्होंने कहा कि द्रमुक कई बार सत्ता में रह चुकी है और ऐसी कोई जीत नहीं जो हमने नहीं देखी और ऐसी कोई हार नहीं, जिसका हमने सामना न किया हो।स्टालिन ने कहा, जीत और हार दोनों को समान रूप से स्वीकार करते हुए अपने आदर्शों की ओर आगे बढ़ते रहना ही हमारे कार्यकर्ताओं की पहचान है।
आप ही इस आंदोलन की जीवनरेखा और जड़ हैं। उन्होंने कहा, 1.54 करोड़ वोटों की यह फसल आपकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।उन्होंने कहा, आपकी मेहनत का बदला मैं क्या दे सकता हूं? एक मुख्य कार्यकर्ता की भावना के साथ हम अपनी यात्रा जारी रखेंगे।स्टालिन ने कहा कि अगर हम सत्ता में होंगे, तो जनता के लिए योजनाएं बनाएंगे और यदि विपक्ष में होंगे तो जनता की मांगों के लिए संघर्ष करेंगे। इस लिहाज से अब एक मजबूत विपक्ष के रूप में हम जनता के लिए काम करते रहेंगे।द्रमुक प्रमुख ने कहा कि पार्टी द्रविड़ आंदोलन की नीतियों को आगे बढ़ाने, जाति, भाषा और राष्ट्र की रक्षा करने की दिशा में अपनी यात्रा जारी रखेगी और इस सफर में मैं किसी को पीछे नहीं छोड़ूंगा। हम फिर जीतेंगे।





