मनीला।अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो बृहस्पतिवार को फिलीपीन में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे और इस दौरान वह यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता की संभावना पर फिर चर्चा कर सकते हैं।
रुबियो और लावरोव के बीच यह मुलाकात दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के विदेश मंत्रियों की मनीला में आयोजित बैठक से इतर होगी। यह क्षेत्र के शीर्ष राजनयिकों के बीच होने वाली सबसे अहम बैठकों में से एक है।
रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के अमेरिकी प्रयास अप्रत्यक्ष वार्ता में गतिरोध और ईरान युद्ध के केंद्र में आ जाने के बाद धीमे पड़ गए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम युद्धविराम समझौता विफल होने के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ हमले फिर तेज कर दिए हैं।
रुबियो ने बुधवार को मनीला में पत्रकारों से कहा कि वह लावरोव के साथ यूक्रेन संघर्ष का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘‘यदि ऐसा कोई अवसर सामने आता है तो अमेरिका इस संघर्ष को समाप्त कराने में भूमिका निभाने के लिए अब भी तैयार है।
उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों में ये प्रयास ‘‘कुछ हद तक धीमे पड़ गए हैं लेकिन उन्होंने कहा कि बैठक में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वार्ता फिर शुरू करने का कोई अवसर है या नहीं।
रुबियो ने कहा, हमें रूस की सरकार के साथ संबंध बनाए रखने होंगे, भले ही कुछ मुद्दों पर हमारे मतभेद हों।उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस दुनिया के दो सबसे बड़े परमाणु हथियार संपन्न देश हैं।
लावरोव ने आसियान की बैठक में पत्रकारों से कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन हालिया बयानों के बारे में रुबियो से बात करेंगे जिनमें उन्होंने कहा है कि समझौता होने वाला है।लावरोव ने कहा, मैं मार्को रुबियो से इस बारे में कल पूछूंगा।





