भजनों पर झूमे भक्त
लखनऊ । काकोरी स्थित पारसनाथ धाम, अमेठिया में चल रहे छह दिवसीय ‘श्री 1008 आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव’ के चौथे दिन शनिवार को तप कल्याणक महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान संपूर्ण परिसर ‘जयकारा आदिनाथ का’ और ‘णमो अरिहंताणं’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
विशाल जैन ने बताया कि प्रात:काल: तीर्थंकर बालक ऋषभदेव का जन्म कल्याणक संस्कार, अभिषेक, शांतिधारा, 81 कलशों से वेदी व मंदिर शुद्धि एवं आचार्य श्री के मांगलिक प्रवचन हुए। दोपहर (राज्याभिषेक व वैराग्य): भगवान ऋषभदेव की भव्य बारात, विवाह और 32 मुकुटबद्ध राजाओं की उपस्थिति में राज्याभिषेक संपन्न हुआ। इसके बाद नीलांजना का नृत्य देख भगवान को वैराग्य हुआ, जिसके बाद उन्होंने वन गमन कर तीर्थंकर दीक्षा ली। अगले क्रम में भरत-बाहुबली का राज्याभिषेक किया गया। शाम को महाआरती और शास्त्र सभा के बाद राष्ट्रीय जैन गायक रूपेश जैन की सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इस मौके पर मुख्य संयोजक बृजेश जैन ‘बंटी’, संजीव जैन, संदीप जैन, स्वागताध्यक्ष आदिश जैन, कोषाध्यक्ष रीतेश जैन, विशाल जैन, अभिषेक जैन, नितिन जैन, जागेश जैन आदि लोग मौजूद रहे।





