नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के साथ-साथ सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है और शुरुआती रुझानों ने सभी राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटों में से 293 पर गिनती हो रही है, क्योंकि फाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। रुझानों के अनुसार, बंगाल में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है,अब तक के रुझानों में बीजेपी 178 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, टीएमसी 110 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। लेफ्ट दो और अन्य एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।। भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर है, जिसमें शुरुआती दौर में ममता बनर्जी को पीछे छूटते देखा गया है।
दक्षिण भारत के राज्यों में भी चुनावी समीकरण काफी दिलचस्प हो गए हैं। तमिलनाडु में अभिनेता विजय की नई पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 80 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाई है, जिससे द्रविड़ राजनीति के गढ़ में AIADMK और DMK के बीच त्रिकोणीय मुकाबला पैदा हो गया है। वहीं केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सत्ता की ओर कदम बढ़ाता दिख रहा है और उसने बहुमत के लिए जरूरी 71 सीटों के आंकड़े को पार कर लिया है। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन फिर से मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है, जहाँ पार्टी 70 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। पुडुचेरी में भी मतगणना के साथ सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी, इसकी तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है।
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर मतगणना के पल-पल के अपडेट साझा किए जा रहे हैं। इन नतीजों में एक महत्वपूर्ण खबर पश्चिम बंगाल के पनिहाटी से आ रही है, जहाँ आरजी कर अस्पताल की घटना की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ भाजपा के टिकट पर बढ़त बनाए हुए हैं। इसके अतिरिक्त, सात राज्यों की जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे, उनमें भी भाजपा पांच सीटों पर आगे चल रही है। जैसे-जैसे मतगणना के अगले दौर पूरे हो रहे हैं, कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है। सटीक आंकड़ों और निर्वाचन क्षेत्रवार विजेताओं की सूची के लिए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और दोपहर तक अंतिम परिणाम स्पष्ट होने की उम्मीद है।





