लखनऊ। शनिवार का दिन भी भगवान बजरंगबली के नाम होता है इस दिन भी पवनसुत हनुमान की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। ज्येष्ठ माह के शनिवार पर आज भी राजधानी लखनऊ के सभी हनुमान मंदिरों में आस्था नजर आया। हर कोई पवनसुत के दर्शन के लिए आतुर दिखायी दिया। भीषण गर्मी के दौरान आस्था की परीक्षा रही। शनिवार की भोर में मंदिरों के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन की आस लिए भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गईं तो शहर के मुख्य बाजारों, गली-चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। वहीं हनुमान सेतु मंदिर में बजरंगबली का विशेष शृंगार किया गया।
पक्कापुल स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर, पक्कापुल स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, कानपुर रोड एलडीए कालोनी स्थित नागेश्वर धाम द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, कृष्णानगर के इंद्रलोक कॉलोनी स्थित श्री केशरी नंदन जिद्दी हनुमान मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर समेत कई मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। डंडइया स्थित गुलाचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर, चौक स्थित छांछीकुंआं मंदिर, हजरतगंज केदक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर, सीतापुर रोड स्थित हाथी वाले बाबा मंदिर के अलावा कल्याण गिरि मंदिर, इंदिरानगर सी-ब्लाक हनुमान मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, स्वप्नेश्वर महादेव मंदिर, बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, बारा बिरवा स्थित हनुमान मंदिर, मौनी बाबा मंदिर, आशियाना के छुआरेवाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, गोलागंज के शिव दुर्गा हुनमान मंदिर समेत तमाम मंदिरों में श्रृंगार के बाद दिन भर केसरीनंदन के दर्शनों को भक्त जुटे रहे। अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में पहले शनिवार के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। शनिवार को पुराने हनुमान मंदिर, छांछी कुंआ हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, त्रिलोचन हनुमान मंदिर चारबाग, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर हजरतगंज, पंचमुखी हनुमान मंदिर बीरबल साहनी मार्ग, कल्याण गिरि हनुमान मंदिर, छुआरे वाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, रकाबगंज हनुमान मंदिर, इंदिरानगर सी ब्लॉक हनुमान मंदिर, हाथी वाले बाबा हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में शनिवार पर विशेष व्यवस्था रही। सड़कों और चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। भंडारों का आयोजन करने वाली संस्थाएं और लोग शुक्रवार सायंकाल से ही इसकी तैयारी करते नजर आए। भंडारों के स्थान पर छाया की व्यवस्था की गई थी फिर भी भीड़ और गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए। भंडारों में प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण किया गया। पूड़ी-सब्जी के साथ ही लौकी का कोफ्ता, छोला चावल, कढ़ी, बूंदी-बताशे, शरबत, दूध का वितरण किया गया।
जयकारों से गूंज उठा परिसर:
श्रद्धालुओं ने कहा कि यहां आने से सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। साथ ही यह भी कहा कि हम सबको बड़े मंगल व शनिवार आने का इंतजार रहता है वहीं हनुमान मंदिर की मान्यता को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। भंडारा खाने आये लोगों ने कहा कि भंडारे का प्रसाद खाकर विशेष ऊर्जा मिलती होती है। लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में सुबह बजरंगबली की भव्य आरती हुई। जय श्री राम और पवनसुत हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। वहीं अलीगंज स्थित पुराना और नया हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ।
खूब बांटा गया प्रसाद:
बड़े बड़े पंडालों में भक्ति गीत बजते हुए प्रसाद बांटा गया। शनिवार के दिन शहर भर में जगह जगह पर भंडारे का आयोजन हुआ। गलियों से लेकर चौराहों तक भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के ज्यादातर हिस्सों में भंडारे व प्याऊ लगाये गये। कई व्यंजनों को प्रसाद के रूप में बांटा गया जिसमें पूड़ी सब्जी सबसे प्रमुख रही। राजधानी में लाखों लोगों ने प्रसाद का ग्रहण किया। हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, पुराना लखनऊ, चारबाग हुसैनगंज व शहर के प्रमुख इलाकों समेत हर जगह पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया।
श्री दुर्गा जी मंदिर में सुंदरकांड पाठ संग भंडारा:
आज ज्येष्ठ मास के शनिवार को श्री दुर्गा जी मंदिर शास्त्री नगर द्वारा परिवर्तन चौक पर एक विशाल भंडारे का आयोजन सुंदरकांड के पाठ के साथ आरम्भ किया गया। चौक से संजय अग्रवाल ने भंडारे की व्यवस्था का संचालन किया। इस अवसर पर पवन अग्रवाल, तारा चंद, अस्थाना आदि अनेक समाज सेवी मौजूद रहे। लखनऊ में ज्येष्ठ मास में प्रत्येक मंगल को भंडारा और मेले का आयोजन सेंकड़ो वर्षों से होता रहा है, अब मंगलवार के साथ शनिवार को भी इसका आयोजन होने लगा है। इसका आरंभ अलीगंज वाले हनुमान मंदिर में लखनऊ के एक नवाब ने प्रारंभ किया था। इसलिए इन भंडारों को हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक भी माना जाता रहा है। इसमें हनुमान चालीसा, सुंदर कांड, शरबत और पूड़ी सब्जी इत्यादि का संगम रहता है। एक अनुमान के अनुसार इस मास में पाँच हजार से अधिक भंडारे केवल लखनऊ में लगाये जाते हैं। एक एक रोड पर दस दस भंडारे चलते हैं। ये सब हनुमान जी की कृपा का प्रसाद माना जाता है।
श्री श्याम मंदिर में बांटा आइसक्रीम, पेड़ा, पूड़ी-सब्जी
लखनऊ। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मन्दिर में श्री श्याम कृपा भंडारा जो कि पूरे ज्येष्ठ माह आयोजित किया जा रहा हैं उसमें कार्यक्रम संयोजक दिनेश मेघदूत अग्रवाल, पूनम अग्रवाल में श्री हनुमान जी पूजन करने के उपरांत भक्तों को पुड़ी, सब्जी, आइस्क्रीम एवं पेड़ा प्रसाद का वितरण किया गया जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि भंडारा प्रसाद प्रतिदिन सायं 5 बजे से 10 तक चलता हैं हर दिन विशेष प्रसाद का भोग वितरित किया जाता हैं। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को वीरेंद्र गर्ग, स्वदित गर्ग, गुरुवार को मनोज अग्रवाल, शुक्रवार को संजय अग्रवाल, शनिवार को संजय अग्रवाप पप्पू, रविवार को संजीव अग्रवाल द्वारा श्री श्याम कृपा भंडारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
शिव सरस्वती मंदिर में सुंदरकांड पाठ के साथ विशाल भंडारा

लखनऊ। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शिव सरस्वती मंदिर सेवा समिति द्वारा ज्येष्ठ माह के शुभ अवसर पर आज एक विशाल भंडारे एवं संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन मंदिर समिति द्वारा मंदिर प्रांगण में सुबह 9:30 बजे से सुंदरकांड पंडित विशाल शास्त्री की टीम के द्वारा किया गया उसके उपरांत दोपहर 12.30 बजरंगबली का भोग लगाकर भंडारे का आयोजन किया जिसमें भक्तों ने बड़ी ही श्रद्धा भाव के साथ पूरी सब्जी कढ़ी चावल एवं बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र निगम जी द्वारा बताया गया कि मंदिर के सभी सदस्य एवं क्षेत्र वासियों के सहयोग से हर वर्ष इस भंडारे का आयोजन किया जाता है जिसमें सभी लोग अपनी श्रद्धा भाव से भंडारे में सामग्री उपलब्ध कराते हैं सभी के सहयोग से इस भंडारे को आगे भी सुचारू रूप से संपन्न कराया जाता रहेगा जिसमें अंजनी श्रीवास्तव जी उपविजेता 171 पश्चिम विधानसभा श्री विनोद यादव जी पार्षद हैदर हैदरगंज तृतीय वार्ड रविंद्र निगम एडवोकेट संरक्षक की गरिमामय उपस्थित एवं तीर्थराज यादव अभिषेक मिश्रा अनुराग दीक्षित जितेंद्र शुक्ला शिवम पोरवाल सचिन देवल देवेश अवस्थी आशीष श्रीवास्तव धैर्य मिश्रा कृष्णा मिश्रा एवं महिलासदस्यों एवं क्षेत्र के सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
ओम साईं राम सेवा समिति ने कराया विशाल भंडारा
लखनऊ। ओम साईं राम सेवा समिति के तत्वावधान में पारा क्षेत्र में विशाल भंडारे एवं सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकतार्ओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की तथा प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की शुरूआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद भक्तिमय वातावरण में सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी का स्मरण करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया। इस अवसर पर आलमनगर वार्ड के पूर्व पार्षद नागेंद्र सिंह ने उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारा, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। भंडारे में पूड़ी, सब्जी, मिठाई सहित विभिन्न प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और देर शाम तक प्रसाद वितरण जारी रहा। समिति के स्वयंसेवकों ने सुव्यवस्थित ढंग से व्यवस्था संभाली। समिति के अध्यक्ष राकेश दीक्षित ने बताया कि संस्था भविष्य में भी धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। उन्होंने समाज में सेवा और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार को संस्था का मुख्य उद्देश्य बताया।





