वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ। शराब की लत लिवर व पैंक्रियाज को खराब कर देती है। डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते अगर इस पर ध्यान न दिया जाये तो यह जानलेवा हो सकता है।
यह जानकारी शनिवार को यूपी चैप्टर आफ इंडियन सोसाइटी आफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी की तरफ से आयोजित संगोष्ठी में जोधपुर मेडिकल कॉलेज स्थित गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील दधीच ने दी। उन्होंने बताया कि शराब पीने वालों में 20 फीसदी लोगों का पैंक्रियाज (अग्न्याशय) और करीब 30 फीसदी लोगों के लिवर खराब हो जाता है। उन्होंने बताया कि अधिक शराब का सेवन करने से एक्यूट पैन्क्रियाटाइटिस की समस्या हो सकती है।
यह एक जानलेवा बीमारी है, जो अधिक शराब पीने और समय पर पित्त की थैली की पथरी का आपरेशन न कराने से होती है। वह बताते हैंं कि अगर किसी व्यक्ति को पेट में ऊपरी हिस्से में दर्द रहता है और सप्ताह में तीन से चार बार यह परेशानी होती है, तो सावधान होने की जरूरत है, क्योंकि ये एक्यूट पैन्क्रियाटाइटिस का लक्षण हो सकता है। इस स्थिति में तुरंत डॉक्टरों की सलाह लेकर इलाज शुरू करा देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि अग्न्याशय में सूजन आ गई है तो मरीज को थोड़ा-थोड़ा भोजन करते रहना चाहिए। जिससे संक्रमण फैलाने वाले वैक्टिरिया भोजन खाने में लग जायें और शरीर के अन्य अंगों को नुकसान नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अग्न्याशय में सूजन आने पर खाना पचाने वाला रस लीक करने लगता है। जो कि पहले अग्नाशय को नुकसान पहुंचाता है उसके बाद शरीर के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इस समस्या से कुछ लोगों के अग्न्याशय में पस भी पड़ जाता है।
किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय स्थित गैस्ट्रोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष और संगोष्ठी के आयोजन सचिव गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट प्रो. सुमित रूंगटा ने बताया कि यह पूरी संगोष्ठी मुख्य रूप से फिजीशियन के लिए आयोजित की गई है। जिससे फिजीशियन के साथ लिवर और पेट रोग के इलाज के नई तकनीकों की जानकारी साझा की जा सके। आज इसी तरह के कई विषयों पर चर्चा हुई है।





