चेन्नई । तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद संभालने के तत्काल बाद घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल गठित करने और राज्यभर में मादक पदार्थ तस्करी रोधी इकाइयां बनाने संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
विजय ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यहां जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में कहा कि वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध शासन के नए युग की शुरूआत अब हो गई है।उन्होंने कहा कि उनके अलावा सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा और वही सत्ता के एकमात्र केंद्र होंगे।
विजय ने सरकार गठन में उनकी पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और वाम दलों का धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि टीवीके की जीत उन्हीं की वजह से हुई, क्योंकि उन्होंने अपने परिवारों को उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए राजी किया।
टीवीके ने विधानसभा चुनाव की 234 सीटों में 108 पर जीत हासिल की और कांग्रेस, वामदलों एवं अन्य दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। विजय को यहां .नेहरू स्टेडियम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके अलावा श्री एन आनंद, श्री आधव अर्जुन , डॉ. के.जी. अरुणराज, श्री के.ए. सेनगोट्टयां, श्री पी. वेंकटरमणन, श्री आर. निर्मलकुमार, श्री राजमोहन, श्री डॉ टी.के. प्रभु और सुश्री सेल्वी एस. कीर्तना को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेतागण भी मौजूद थे।





