back to top

हर तरफ रंगों व पिचकारियों की धूम, जमकर हो रही खरीदारी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद, आलमबाग, भूतनाथ, आईटी चौराहा जिधर भी चले जाओ हर तरफ बाजार में होली की उमंग दिख रही है। कोई गुझिया खरीद रहा है तो कोई रंग और कोई बच्चों के लिए तरह-तरह की रंगबिरंगी पिचकारी की तलाश में एक दुकान से दूसरी दुकान पर जा रहा है। मार्केट में हर तरफ रंग नजर आ रहा है। वहीं जिस चौराहे से गुजरों वहां होलिका सजी दिख रही है। होली के मौके पर शनिवार को बाजार खूब चहका। कपड़े, जूते-चप्पल, चूड़ियों से लेकर पकवान और पकवान बनाने के सामान की जबरदस्त खरीदारी हुई।
रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर बच्चों और युवाओं का जमावड़ा दिखा। चेहरे को ढकने के लिए मुखौटे तो बालों को ढकने के लिए तरह-तरह की टोपियों की खूब बिक्री हुई। मिठाइयां, गुझिया, नमकीन, कचरी पापड़, ड्राई फ्रूट्स की दुकानें मुख्य बाजारों में ही नहीं, गली-मोहल्लों में भी सजी नजर आईं। रंग गुलाल और पिचकारियों से पूरा बाजार ही होली के रंगों में रंगा नजर आ रहा है।

हर्बल आॅर्गेनिक होली गुलाल:
केमिकल रंगों के साइड इफेक्ट्स से बचने के लिए लोग हर्बल आॅर्गेनिक गुलाल खरीद रहे हैं। हर्बल गुलाल में आर्गेनिक खाद से तैयार हल्दी आदि से रंग तैयार किए गए है। जानकारों के अनुसार हल्दी से पीला रंग, टेसू से नारंगी, ब्लू आर्किड से नीला, गुलाब से गुलाबी, रोली से लाल, मेंहदी तुलसी से हरा रंग तैयार किया गया है। यह रंग स्पेन तक में डिलीवर किया जा रहा है।

कार्टून वाली पिचकारियों से पटा लखनऊ का बाजार:
रंगों का त्योहार होली आ चुका है। हर किसी पर रंगों की खुमारी छाने लगी है। जिसे देखो, वही रंगीन हुआ जा रहा है। दुकानें भी सज गई हैं। इस होली पर बच्चों की पसंद पर खासा ध्यान दिया गया है। बाजार में मौजूद ज्यादातर पिचकारियां टीवी पर आने वाले काटूर्नों के नाम पर हैं। इनमें मिक्की माउस, डोरेमॉन, मछली पिचकारी और बड़ी-बड़ी गन की तरह वाली प्रेशर गन मौजूद हैं। बाजार में सबसे महंगी वॉटर गन की कीमत 850 रुपये है। मस्ती चाहे जिस खुशी की हो, जब तक सबके सिरों पर स्प्रे का झाग न दिखाई दे, मजा नहीं आता। होली में रंगों और अबीर गुलाल के साथ खेलने का मजा ही कुछ और है। इसके अलावा बच्चों में बेनटेन पाइप, मोटू पतलू वाटर टैंक, स्पाइडरमैन वाटर टैंक, बार्बी टैंक, छोटा भीम टैंक और प्रेशर गन का खुमार छाया हुआ है। लाल, पीली, नीली, सुनहरी और चांदी के चटक रंगों वाली रंगीन पिचकारियां बाजार में जमकर धमाल मचा रही हैं।

चांदी की पिचकारी-बाल्टी बिखेर रही धवल चांदनी:
चौक सरार्फा बाजार में कारोबारी सिद्धार्थ जैन बताते हैं कि पांच हजार से लेकर पचास हजार रुपये तक की कीमत की खूबसूरत बाल्टी और पिचकारियां बाजार में आ गई हैं। बेहद खूबसूरत डिजाइन वाली इन पिचकारियों पर बेहतरीन नक्काशी है। बाल्टी में सुनहरी डिजाइन लोगों को आकर्षित करती है। वजन के हिसाब से इसे ग्राहक अपने बजट के मुताबिक बनवा सकते हैं। सगुन वाली पिचकारी हल्की हैं तो अन्य भारी हैं।

रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर रही जबरदस्त भीड़:
होली पर नए कपड़े पहनने की परंपरा के चलते रविवार को शॉपिंग मॉल और रेडीमेड कपड़ों के शो रूम पर काफी भीड़ रही। जो लोग अब तक कपड़े नहीं खरीद पाए थे, उन्होंने आज खरीदारी की। युवाओं ने गर्मी के सीजन के लिए जींस टीशर्ट आदि खरीदे और लड़कियों ने अपनी पसंद के कॉटन के कपड़े। युवाओं में वैसे भी रेडीमेड गारमेंट्स का क्रेज है, लेकिन पहले से कपड़े न सिला पाने वाले बड़े बुजुर्गों ने भी रेडीमेड पैंट शर्ट आदि खरीद कर काम चलाया। चूड़ी की दुकानों पर आज भी खासी भीड़ देखी गई।

पिचकारी में बजेगा गाना और शूटर से उड़ेगा गुलाल:
होली में शहर के अमीनाबाद, भूतनाथ और यहियागंज और नादान महल रोड पर दुकानों पर इस बार होली के गानों वाली पिचकारियों की बिक्री खूब हो रही है। वहीं गुलाल उड़ाने के लिए शूटर नाम की पिचकारी भी मार्केट में है। इसकी कीमत साइज के अनुसार 150 से 200 रुपये होल सेल रेट तक है। व्यापारियों का दावा है कि इससे पहले यह प्रॉडक्ट बाजार में नहीं आया है। हालांकि थोक और खुदरा रेट में काफी अंतर है।

जौ-गेहूं की बालियां भी खूब बिकीं:

होलिका दहन के समय गेहूं, जौ, अलसी की बालियों को होली में अर्पित करने की परंपरा के चलते बाजार में इसकी जमकर बिक्री हुई। इंदिरा नगर के मुंशी पुलिया, महानगर चौराहा, अमीनाबाद चौराहा, सहित शहर के तमाम चौराहों पर लोग बेचते दिखाई दिए। यहां खरीदारों की भारी भीड़ रही।

होली को धमाकेदार बनायेंगे चटाई और स्मोक गन
लखनऊ। होली का त्यौहार जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे लोगों में त्यौहार को लेकर उत्साह भी बढ़ रहा है। वहीं मार्केट में पटाखा रंग से लेकर हर्बल रंग छाए हुए हैं। चटाईए स्मोक गन, अनार व बम जैसे पटाखे न केवल होली को रंगीन बनाएंगे बल्कि सौंधी महक पूरे माहौल को महकायेगी। खास बात यह है कि इस बार बाजार में मेक इन इंडिया की धूम ज्यादा है।
राजधानी के अमीनाबाद, आलमबाग, भूतनाथ, इंदिरानगर, आशियाना, अलीगंज की मार्केट में होली की दुकानें सज चुकी हैं, जहां पिचकारी से लेकर रंगों की भरमार है। इसबार दुकानदार मेक इन इंडिया व हर्बल रंग ज्यादा लेकर आए हैं। इसबार मार्केट में पटाखा बम चलन में ज्यादा नजर आ रहे हैं। इनकी कीमत 10 रुपये से शुरू है, जिसमें 100 रुपये तक की स्मोक गन, 70 रुपये वाला गुलाल बम, 35 रुपये वाला अनार समेत 50 रुपये का विभिन्न रंगों वाला गुलाल बम समेत अन्य पटाखे बाजार में उपलब्ध हैं। अमीनाबाद में दुकानदार अजय सिंह के मुताबिक इसबार भी मार्केट पटाखा रंग की भरमार है जिसमें हर्बल कलर का इस्तेमाल किया गया है। इसे छुड़ाने पर गुलाबी, लाल, हरा, नीला और पीले रंग का धुआं आपको रंगों से सराबोर कर देगा। इनकी कीमत 35 रुपये से शुरू होती है, जो कई अलग अलग रंग कांबिनेशन में मिलते हैं।

आकर्षक पैकिंग में भी उपलब्ध:
मार्केट में जो भी आ रहा है वो हर्बल और मेड इन इंडिया कलर की ही डिमांड कर रहा है। दुकानदार वसीम अली बताते हैं कि इस बार रंगों की पैकिंग भी काफी अलग आई है, जिसमें फूलों की पत्तियों की आकर्षक पैकिंग या कार्टून कैरेक्टर के शेप वाला हर्बल रंग लोगों के अलावा बच्चों को भी पसंद आ रहा है। फूल की पत्तियों वाला चार रंगों वाली पैकिंग 100 रुपये से शुरू हो रही है जबकि अन्य डिजाइन में विशेष पैकिंग 130 रुपये से शुरू हो रही है। कस्टमर्स अपनी पसंद के अनुसार रंगों को खरीद सकते हैं। सिंथेटिक कलर तो लोग मांग ही नहीं रहे हैं। इसबार रंगों के दामों में भी 10 फीसद से अधिक का उछाल आया है।

कलर सिलेंडर का क्रेज
मार्केट में बड़ों के बीच भारी भरकम कलर सिलेंडर का क्रेज है। इसे एक बार ट्रिगर करने पर कई फीट ऊपर तक रंगीन गुलाल की बौछार होती है। बच्चों के लिए स्कूल बैग की तरह पीठ पर टांगने वाली पिचकारी पहली पसंद बनी हुई है। इसमें पानी की क्षमता अधिक होने के कारण बार-बार भरने का झंझट नहीं रहता। युवाओं में सिंगल शॉट स्प्राइट कैन और कलर फाग (रंगीन धुआं) की भारी मांग है, जो फोटो और रील बनाने के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल हो रहे हैं।

कलर फाग की मांग अधिक

यहियागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने बताया कि दुकानों में इस बार जो रंग आए हैं वह पटाखे वाले हैं। आपको बम की तरह उसमें माचिस की तीली से जलाना होगा, उनके फूटते ही हर्बल गुलाल उड़ेगा। ग्राहकों को लुभाने और होली को नए कलेवर में ढालने के लिए दुकानदारों ने नया पैटर्न निकाला है। बाजार में सिंगल शॉट स्प्राइट कैन, कलर फाग, सिलेंडर, कलर बम जैसे रंगों को दगाने वाले उपकरण मौजूद है। भूतनाथ मार्केट के गुलाल कारोबारी विनोद कुमार ने बताया कि ग्राहक अब केमिकल वाले रंगों के बजाय खुशबूदार और प्राकृतिक हर्बल गुलाल को प्राथमिकता दे रहे हैं। रंगीन बम और स्मोक गन्स ने त्योहार में उत्साह का नया तड़का लगा दिया है। सिलेंडर 550 से लेकर 1200 रुपये तक बाजार में दो किलो से लेकर साढ़े सात किलो तक के सिलेंडर खूब बिक रहे हैं। इसकी कीमत 550 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक है। इस सिलेंडर शॉट की कीमत गुलाल के वजन के हिसाब से तय होती है। मार्केट में पबजी की मांग अधिक है। 150 रुपये के तीन पीस है। शेखर गुप्ता ने बताया कि इसे बच्चे और किशोर खूब खरीद रहे हैं। नजीराबाद मार्केट में बुरा न मानो होली है स्लोगन वाली सफेद टी-शर्ट्स खूब बिक रही है।

राजधानी में तीन हजार से अधिक स्थानों पर विधि-विधान से हुआ होलिका दहन


लखनऊ। शहर के अधिकतर गली चौराहों पर सोमवार को देर रात होलिका दहन किया गया। विधि विधान से होलिका दहन पूजा पाठ के साथ किया गया। जिमसें गोबर के उपले, गेंहू की बालिया और गन्ने भी डाले गए। होलिका दहन के बाद युवाओ ने पूरी रात डांस और मस्ती की।
भद्रा समाप्त होने के बाद होलिका दहन शुरू हुआ। चौक, अमीनाबाद, गणेश गंज, इंदिरा नगर, महानगर, निशातगंज, राजाजीपुरम, आलमबाग, कृष्णा नगर, आशियाना समेत 3000 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया गया। शहर को पांच जोन मध्य, दक्षिण, उत्तरी, पूर्वी एव पश्चिम जोन में बांट कर होलिका दहन की व्यवस्था की गई थी। जिसके अंतर्गत मध्य जोन में 1170 स्थान, दक्षिण जोन में 985, उत्तरी जोन में 704, पूर्वी जोन में 418, पश्चिम जोन में 397 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था रही। होलिका दहन से पूर्व ही चौराहों पर होलियारों का उत्साह देखा जा सकता था। होली गीतों से सड़के गूंजती रही और एक दूसरे पर रंग डाल होली की बधाई दी गई। बाजार में रौनक रही। गुझिया, पापड़ व होली के लिए अन्य पिचकारी, गुलाल, रंग की बिक्री होती रही।

ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते रहे लोग :
होली का उल्लास सोमवार शाम से इस कदर बढ़ा कि होलिका दहन से पूर्व लोग होली गीतों पर झूमते-गाते रात का इंतजार करने लगे। इस वक्त गंगा-जमुनी संस्कृति की प्रतीक लखनऊ की सरजमीं पर हर तरफ होली गीत गूंज रहे और उड़ रहा रंग गुलाल। होलिका दहन से पूर्व मारवाड़ी समाज ने ठंडी होली का पूजन किया। चौक में विनोद माहेश्वरी, चौपटिया में आशीष अग्रवाल, अशोक कुमार गौड़ समेत समाज के अन्य लोगों ने परिवार समेत विधिवत होलिका का पूजन किया। इसके बाद सामूहिक होली जलाई गई।

RELATED ARTICLES

चंद्र ग्रहण आज, सूतक मान्य, बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट

लखनऊ। फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (तीन मार्च) को साल के पहले चंद्रग्रहण पर सूतककाल में लखनऊ के सभी मंदिर बंद रहेंगे।...

भगवान नरसिंह की भव्य शोभा यात्रा व होली उत्सव कल

शोभा यात्रा एवं होली उत्सव का आयोजनलखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ द्वारा होली के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह रंग भरी भव्य शोभा यात्रा...

मचो फाग घनघोर आज होरी झूम री…

गोमती तट पर सजी 84वीं लोक चौपाल, नाव में गूंजा फागलखनऊ। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा सोमवार को कुड़िया घाट पर 84वीं लोक चौपाल...

चंद्र ग्रहण आज, सूतक मान्य, बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट

लखनऊ। फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (तीन मार्च) को साल के पहले चंद्रग्रहण पर सूतककाल में लखनऊ के सभी मंदिर बंद रहेंगे।...

भगवान नरसिंह की भव्य शोभा यात्रा व होली उत्सव कल

शोभा यात्रा एवं होली उत्सव का आयोजनलखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ द्वारा होली के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह रंग भरी भव्य शोभा यात्रा...

मचो फाग घनघोर आज होरी झूम री…

गोमती तट पर सजी 84वीं लोक चौपाल, नाव में गूंजा फागलखनऊ। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा सोमवार को कुड़िया घाट पर 84वीं लोक चौपाल...

महाकाव्य ग्रन्थ महाभारत की कहानी है नाटक दूतवाक्यम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम एवं सफर फाउण्डेशन की ओर से नाटक दूतवाक्यम का मंचन बौद्ध शोध संस्थान में किया गया। नाटक का निर्देशन...

मैंने आंगन नहीं बुहारा कैसे आएंगे भगवान…

गायत्री यज्ञ, भजन कीर्तन संग हुआ प्रसाद वितरण लखनऊ। शास्त्री मोंटेसरी स्कूल, राजेंद्र नगर, लखनऊ में आज फाल्गुन चतुर्दशी/ पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री यज्ञ,...

गोमती आरती संग हुआ गोमय होलिका पूजन

दहन वातावरण को शुद्ध करता हैलखनऊ। राजधानी लखनऊ की सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु एवं श्री मनकामेश्वर मठ मंदिर की महंत देव्या गिरि जी के नेतृत्व...