18 से 21 दिसंबर तक होगा आयोजन
लखनऊ। रेपर्टवा फेस्टिवल का इस साल 13वां सीजन है जिसका आयोजन गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में चार दिनों के लिए 18 से 21 दिसंबर तक किया जा रहा है। तैयारियां पिछले 20 दिन से चल रही थीं जिन्होंने अब आकार लेना शुरू कर दिया है। रंगमंच, संगीत और साहित्य के संगम के साथ ही इस बार इस महोत्सव में लखनवी जायके का लुत्फ भी दर्शक ले सकेंगे। किड जोन के साथ हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगेगी।
रेपर्टवा के फाउंडर भूपेश राय और प्रियंका सरकार ने सोमवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार काफी कुछ नया होगा जिसमें ताल : द साइलेंट डिस्को का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दर्शक हेडफोन लगाकर अपनी पसंद का संगीत चैनल चुन सकेंगे। इसे क्यूरेट करेंगी मशहूर डीजे निकिल चिनप्पा। इसके अलावा क्रिएटिव सिटी आॅफ गैस्ट्रोनॉमी के लिए चयनित लखनऊ के मशहूर पकवानों का भी दर्शक स्वाद ले सकेंगे। सभी उम्र के लोगों के लिए खास वर्कशॉप की भी व्यवस्था इस बार की जा रही है।
भूपेश राय ने बताया कि रंग स्टेज को 1500 स्क्वॉयर मीटर क्षेत्रफल में बेहद खूबसूरत तरीके से बनाया गया है जहां प्रतीक गांधी अभिनीत नाटक मोहन का मसाला, मानव कौल ग्रुप की ओर से जो डूबा सो पार, लिलेट दुबे का वोडका एंड नो टॉनिक और अतुल कुमार का नाटक अम्बा का मंचन होगा। अनुव जैन, निखिल चिनप्पा और यूफोरिया बैंड संगीत का रंग जमाएंगे और आकाश गुप्ता, गौरव गुप्ता व गुरलीन पन्नू कॉमेडी के तड़के से सभी को हंसाएंगे। इसके अलावा शब्द मंच पर साहित्य और संगीत की बातें होंगी जहां मशहूर शायर वसीम बरेलवी, गायक अंकुर तिवारी, बादल शर्मा, हिमांशु बाजपेई, चंदुलाल कालबुर्गी और प्रज्ञा शर्मा समेत कई कलाकार अलग-अलग सेगमेंट में नजर आएंगे।





