नयी दिल्ली।उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नए संसद भवन में मतदान प्रक्रिया जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डाला। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव, जितेंद्र सिंह, प्रल्हाद जोशी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, जनता दल (सेक्युलर) सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वरिष्ठ कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी, डी. एम. के. सांसद दयानिधि मारण, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव और जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय झा ने भी वोट डाला। इसके अलावा अन्य सांसद भी वोट डालने के लिए कतार में खड़े हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन इस चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में गुप्त मतदान प्रणाली अपनाई जाती है और प्रत्येक मत का समान मूल्य होता है। निर्वाचक मंडल के सदस्य अपनी व्यक्तिगत पसंद के अनुसार मतदान कर सकते हैं और वे अपनी पार्टी के व्हिप से बाध्य नहीं होते हैं। वर्तमान में, लोकसभा में 542 और राज्यसभा में 239 सदस्य हैं, जिससे कुल निर्वाचक मंडल की संख्या 781 हो जाती है। बहुमत का आंकड़ा 391 है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। मतगणना शाम 6 बजे के बाद होगी।