सियोल. उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग ने रणनीतिक क्रूज मिसाइल के प्रायोगिक परीक्षण की निगरानी की। सरकारी मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। वहीं, अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेना ने अपना वार्षिक सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है, जिसे उत्तर कोरिया हमले के पूर्वाभ्यास के तौर पर देखता है।
मिसाइल परीक्षणों पर उत्तर कोरिया के बारे में सूचना तीन दिन बाद मिली, जब अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के नेताओं ने अपना पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया और उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु एवं मिसाइल खतरों का मुकाबला करने के लिए बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, एक अस्पष्ट तिथि पर नौसैनिक बेड़े के निरीक्षण के दौरान किम हथियारों और युद्ध की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक गश्ती जहाज पर सवार हुए।
केसीएनए ने कहा कि किम ने बाद में जहाज के नाविकों को रणनीतिक क्रूज मिसाइलों के प्रक्षेपण का अभ्यास करते हुए देखा। सरकारी मीडिया की ओर से जारी एक तस्वीर में किम जहाज पर नहीं, बल्कि किसी अन्य स्थान से गश्ती जहाज से उड़ती हुई मिसाइल को देखते हुए नजर आ रहे हैं।
केसीएनए के मुताबिक, मिसाइलों ने बिना किसी त्रुटि के तय लक्ष्यों पर निशाना साधा, जो जहाज की तैयारी और हमले की क्षमता को प्रदर्शित करता है। किम ने कहा कि वह उत्तर कोरिया की नौसेना के लिए शक्तिशाली युद्ध पोतों के निर्माण और शिपबोर्ड एवं पानी के नीचे काम करने वाली हथियार प्रणालियों के आधुनिकीकरण के प्रयासों को बढ़ावा देंगे।
यह भी पढ़े—





