लखनऊ। सिखों के दसवें गुरु साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व सोमवार को एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित गुरुद्वारा मानसरोवर में श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया गया। इस दौरान हजूरी रागी जत्थों ने ह्यवाहेगुरुह्ण के जयकारों और मधुर शबद-कीर्तन से संगत को निहाल किया। गुरुमत इतिहास और कथावाचकों द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के जीवन, खालसा पंथ की स्थापना, साहस, त्याग और मानवता के संदेश पर प्रकाश डाला गया। अंत में देश, धर्म की रक्षा और विश्व शांति के लिए अरदास की गई। सुबह अखंड पाठ जी की समाप्ति हुई। हजूरी रागी ने आशा दी वार के कीर्तन गाये। शाम को प्रकाश उत्सव में रहिरास साहिब जी के पाठ के साथ विशेष कीर्तन दीवान सजा। आरती व कीर्तन से हजूरी रागी भाई सरबजीत सिंह ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। अध्यक्ष सम्पूरन सिंह बग्गा ने बताया कि हेड ग्रंथी परमजीत सिंह पारस जी ने श्री गुरु महाराज जी के इतिहास पर प्रकाश डाला। स्त्री सतसंग सभा ने मीठे-मीठे कीर्तन से भावविभोर कर दिया। वहीं श्री दरबार साहिब अमृतसर से आये हजुरी रागी भाई अरविन्दर सिंह, भाई चरणजीत सिंह लुधियाना वाले व भाई सुखजीत सिंह कानपुरी जी ने कीर्तन और कथा से संगत को निहाल किया। इसके बाद गुरु का लंगर अटूट वितरित किया गया। इस मौके पर महासचिव चरणजीत सिंह, सचिव गगनदीप सिंह बग्गा, कोषाध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मी, परमजीत चन्दर, सुरिंदर बग्गा, इकबाल सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
धूमधाम से मनाया गुरु गोविंद सिंह जन्मोत्सव
लखनऊ। हरि ओम मंदिर लालबाग में आज सोमवार को गुरु गोविंद सिंह का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। अखंड पाठ का प्रारंभ 3/1/2026 को शुरू हुआ था जिसकी समाप्ति व भोग आज हुआ। इसके पश्चात ज्ञानी धर्मेंद्र सिंह द्वारा गुरबाणी शब्द कीर्तन आरती अरदास की गई इसके पश्चात गुरु का लंगर वितरित किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे लखनऊ के गणमन सिंधियों व अन्य समाज के लोगों ने पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ भाग लिया इसमें प्रमुख रूप से मंदिर के अध्यक्ष जेपी नागपाल, राम बालानी, सुरेश छाबलानी, किशनचंद्र भमभानी, प्रकाश गोधवानी, प्रकाश कृपलानी, रमेश बलानी, हरदेवी, अंजु नागपाल, मीना केसवानी, महेश जतानी, प्रदीप मन्ना, सैकड़ो भक्त उपस्थित थे।





