न्यूयॉर्क । अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा है कि उसके वेब स्पेस टेलीस्कोप ने सौरमंडल के सातवें ग्रह यूरेनस की कक्षा में एक नया, अत्यंत छोटा चंद्रमा खोजा है। नासा द्वारा मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, यह चंद्रमा लगभग 10 किलोमीटर चौड़ा प्रतीत होता है और इसे इसी वर्ष फरवरी में वेब टेलीस्कोप के नियर इन्फ्रारेड कैमरे के माध्यम से देखा गया था।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह चंद्रमा अपनी अत्यंत क्षीण चमक और छोटे आकार के कारण अब तक छिपा रहा, यहां तक कि लगभग 40 वर्ष पहले यूरेनस के समीप से गुजरे वॉयेजर-2 अंतरिक्ष यान की निगाहों से भी यह बचा रहा।
यूरेनस के अब तक 28 ज्ञात चंद्रमा हैं, जिनके नाम विलियम शेक्सपियर और अलेक्जेंडर पोप की रचनाओं के पात्रों पर रखे गए हैं। इनमें से लगभग आधे छोटे आकार के हैं और ग्रह की निकटवर्ती कक्षा में परिक्रमा करते हैं। इस नये चंद्रमा का नामकरण अभी नहीं हुआ है। हालांकि, इसका पता लगाये जाने से यूरेनस के उपग्रहों की कुल संख्या बढ़कर 29 हो गई है।