-हनुमान जन्मोत्सव शहर भर में श्रद्धा व सत्कार के साथ मनाया गया, बजरंगबली का किया विशेष शृंगार, अर्पित किया सिंदूर
लखनऊ। हनुमान जन्मोत्सव मंगलवार को शहर भर में श्रद्धा व सत्कार के साथ मनाई गई। मंदिरों में बजरंगबली का विशेष शृंगार कर सिंदूर अर्पित किया गया। पूरे विधि विधान के साथ सुबह की आरती हुई। मंगलवार होने से हनुमान जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर बजरंगबली से खुशहाली और समृद्धि की आराधना की और हनुमान चालीसा जय हनुमान ज्ञान गुण सागर…, हे दु:ख भंजन मारुति नंदन सुन लो मेरी पुकार…का पाठ किया। लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में अखण्ड रामायण पाठ का समापन हुआ। मुख्य पुजारी भगवान सिंह बिष्ट ने बजरंगबली को दूध, दही, घी, शहद, चीनी, पंचामृत, गुलाबजल व गंगाजल से स्नान कराकर दुग्धाभिषेक किया। भक्तों ने बजरंगबली की स्तुति कर सुन्दरकाण्ड का पाठ किया।
सुबह पांच बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिये गए। सुबह की आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। वहीं अलीगंज नए हनुमान मंदिर में बजरंगबली को बूंदी के लड्डू का भोग लगाया गया। भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भजन संध्या की प्रस्तुति दी। सुबह और शाम को बजरंगबली की आरती उतारी गई। पक्का पुल के पास लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में बजरगंबली को 11 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। हनुमान जी से अपनी मनोकामना कहने के लिए यहां पाती बॉक्स बनाया गया है, भक्त जिसमें अपनी मनोकामना लिखकर डाल सकते हैं।
बजरंगबली का हुआ शृंगार:
चौक स्थित कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में बजरंगबली का शृंगार सिंदूर, तिल्ली का तेल और चांदी के वर्क से किया गया। 21 किलो लड्डू का भोग लगा। सनातन महासभा की ओर से झूलेलाल घाट पर डॉ़ प्रवीण की अगुआई में हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। महासभा की ओर से गोमती नदी में 501 दीपों का दान किया गया। हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, अमीनाबाद हनुमान मंदिर, बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, दुबग्गा स्थित हनुमान मन्दिर में भी सुबह से ही बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही।
सम्राट किशोर चतुवेर्दी ने भजन सुनाये
प्रताप मार्केट आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियो ने प्रताप मार्केट स्थित राम मंदिर में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर आयोजित हनुमान भजन संध्या में भजन सम्राट किशोर चतुवेर्दी ने हनुमान जी के भजन गाए। इस मौके पर भंडारे का आयोजन एवं प्रसाद का वितरण हुआ। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रताप मार्केट आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलवीर सिंह, उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, संजीव गुप्ता अनिल गुलानी राजकुमार अग्रवाल, सहित कई भक्तों ने हनुमान जी की आरती की तथा बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
सुंदरकांड का हुआ पाठ, अर्पित किया चोला:
हनुमान सेतु मंदिर में सुबह विश्व कल्याण के लिए हवन किया किया गया। हवन के बाद सुंदरकांड का पाठ हुआ। दोपहर में भोग अर्पित करने के बाद भंडारा शुरू हुआ। बड़े पुजारी भगवान सिंह बिष्ट ने बताया कि जयंती पर चार चोले अर्पित किये गये और 50 हजार लडडू बांटे गये। नये हनुमान मन्दिर अलीगंज में ढाई कुंटल बेसन के लडडू का भोग लगा और 11 चोले चढ़े। सात मीटर हनुमान नाम की पताका मन्दिर के शिखर पर लगाई गई। छांछी कुंआ हनुमान मन्दिर में दो कुंटल फूलों से मन्दिर की सजावट की गई। रात 9 बजे से सुन्दरकांड पाठ के स्वर गूंजे। रात 12 बजे हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
51 किलो बेसन के लड्डू का भोग लगा:
अलीगंज के आईटीआई चौराहा स्थित श्रीमहा मंगलेश्वर हनुमान मंदिर के महंत श्रीकांत तिवारी की अगुवाई में जयंती मनाई गई। सुंदरकांड का पाठतथा भातखण्डे संगीत संस्थान के लोगों ने भजन सुनाए। जयंती पर 51 किलो बेसन के लड्डू का भोग लगा। पक्का पुल स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर में सुबह सवा दो किलो सिंदूर से महा श्रंगार हुआ। दो कुंतल फूलों से मन्दिर की सजावट की गई। सुंदरकांड के बाद चटपटे आलू, हलवा पूड़ी, छोला, बूंदी का वितरण किया गया। इसके अलावा अमीनाबाद के हनुमान मन्दिर, कटराविजन वेग चौपटिया के मारुतसुत हनुमान निलालानगर के बालकेश्वर हनुमान मन्दिर, डालीगंज के माधव मन्दिर समेत अन्य मन्दिरों में हनुमान जयंती मनाई गई।
श्रीदक्षिणमुखी बालाजी ट्रस्ट ने सुन्दर कांड व भंडारे का किया गया आयोजन

लखनऊ। आशियाना इलाके स्थित शारदा नगर रूचि खंड दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर पर श्रीदक्षिणमुखी बालाजी ट्रस्ट संरक्षक संजय तिवारी एवं अध्यक्ष पं रमेश मिश्रा द्वारा मंगलवार को हनुमान जयंती अवसर पर मंदिर प्रांगण में विधि विधान संग पूजन कर सुन्दरकाण्ड एवं भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर असंख्य संख्या में क्षेत्रीय लोगो एवं श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजक द्वारा सॉफ्ट ड्रिंक भी भंडारे में वितरित किया गया। इस अवसर पर भक्तगणों जमकर जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारे लगाए। आयोजित भंडारे में मुख्य सहयोगियों में राकेश तिवारी, अनुज शुक्ला, अंकुल पांडेय, राकेश गुप्ता सुजीत तिवारी, ब्रहमेश तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।
सवा लाख जप करके मनाया चित्रगुप्त और हनुमान जन्म उत्सव:
चित्रगुप्त मंदिर जवाहर भवन में भगवान चित्रगुप्त और हनुमान जन्म उत्सव मनाया गया। भगवान चित्रगुप्त महामंत्र ओम यमाय धर्मराज श्री चित्रगुप्त वै नम: का सवा लाख मंत्र जप किया गया। इस दौरान 16 प्रकार केछप्पन भोग प्रसाद वितरण करते हुए भंडारे का आयोजन हुआ। शाम पांच बजे 108 कलश की यात्रा एवं गणेश जी हनुमान जी एवं भगवान चित्रगुप्त जी की शोभा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान नृत्य नाटिका का प्रस्तुतीकरण भी हुआ।
हनुमान जी का गुब्बारों से हुआ शृंगार






