नयी दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में भारतीय मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की रूपरेखा को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आर्थिक सहयोग, डिजिटलाइजेशन, कनेक्टिविटी, कौशल विकास और स्थिरता के क्षेत्रों में आपसी संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर गहन चर्चा हुई।
इस प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद शामिल थे। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक व तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल 19 और 20 अगस्त को आयोजित चौथी ‘भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक’ (ISMR) में भाग लेने के लिए सिंगापुर के दौरे पर है। वर्ष 2022 में शुरू किया गया आईएसएमआर मंच दोनों देशों के बीच उन्नत विनिर्माण, स्वास्थ्य, डिजिटलीकरण और कौशल विकास जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा करने और नए अवसरों की पहचान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।





