नई दिल्ली। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 4 जून 2026 को नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिगेज गोमेज से मुलाकात कर भारत की ऊर्जा विविधीकरण रणनीति में वेनेजुएला के महत्व को दोहराया।
इस बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के प्रमुखों ने भी भाग लिया। दोनों पक्षों ने भारत और वेनेजुएला के बीच दीर्घकालिक एवं स्थायी ऊर्जा साझेदारी के निर्माण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और वेनेजुएला के बीच स्वाभाविक साझेदारी है, जिसकी जड़ें दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता में निहित हैं। उन्होंने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रति भारत के मजबूत समर्थन को दोहराते हुए कहा कि भारतीय कंपनियां वहां अपनी उपस्थिति और भागीदारी बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
वहीं, कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने भारत को वेनेजुएला का विश्वसनीय सहयोगी बताते हुए भारतीय कंपनियों को तेल एवं गैस क्षेत्र में सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने भारतीय प्रतिनिधिमंडल को वेनेजुएला आने का न्योता भी दिया।





