श्रीमद भगवत गीता ज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से दो दिवसीय गीता रसामृतम श्रीमद भगवत गीता ज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन अंसल सुशांत गोल्फ सिटी के विंट क्लब में किया जा रहा है। शनिवार और रविवार को होने वाले आयोजन के बारे में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम ने हजरतगंज प्रेस क्लब में जानकारी साझा की। अध्यक्ष अपरिमेय श्याम ने बताया कि गीता रसामृतम कार्यक्रम के तहत दिव्य हरिनाम संकीर्तन शाम चार बजे से होगा। पौने पांच बजे से मुकुंदा रॉक बैंड की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। शाम को पौने छह बजे से गीता प्रवचन श्रीमद् भगवत गीता के गूढ़ रहस्यों को बहुत ही सरलतम शब्दों में श्रद्धालुओं के सामने परिभाषित किया जाएगा। इसमें आनंद की खोज, सुखी जीवन का रहस्य, भगवान से हमारा संबंध क्या है, शुभ व अशुभ कर्म क्या है, अच्छे लोगों के साथ बुरा क्यों होता है, सर्वोत्तम योग पद्धति आदि के बारे में बताया जाएगा। इसके बाद शाम पौने सात बजे से इस्कॉन गर्ल्स फोरम की ओर से नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। शाम सात बजे से भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। शुक्रवार को हुई प्रेसवार्ता में मंदिर निर्माण कमेटी के चेयरमैन आनंद स्वरूप अग्रवाल, उपाध्यक्ष भोक्ताराम, पीआरओ देव रक्षक, रास मनोहर, अमृत नाम, अजीत हरि आदि मौजूद रहे।





