वन्दे भारतम उत्सव राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का काम करते है: डॉ. योगी देवराज
लखनऊ। योगकुलम संस्था की ओर से नये साल पर विकासनगर में राष्ट्र वंदना एवं स्व-जागरण के भव्य उत्सव वन्दे भारतम का आयोजन गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री विद्या विन्दु, भाईश्री दिलीप शुक्ल, डा योगी देवराज, अनिल कुमार अग्रवाल, प्रो. उषा बाजपेई द्वारा दीप प्रज्वलन भारत माता पूजन एवं तुलसी आरती के साथ किया गया।
इस अवसर पर योगा यूनिवर्सिटी आॅफ अमेरिका के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. योगी देवराज ने योग शिक्षा एवं योग के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु योगकुलम के संस्थापक मनीष प्रताप सिंह को मानद डॉक्टरेट उपाधि से अलंकृत किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि डा, योगी देवराज ने कहा कि आज के समय में ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है, जब समाज तीव्र गति से पाश्चात्य संस्कृति की ओर अग्रसर हो रहा है। ऐसे में वन्दे भारतम जैसे उत्सव समाज को उसकी मूल संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना से पुन: जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योगकुलम के प्रमुख मनीष प्रताप सिंह ने बताया कि योगकुलम विगत 13 वर्षों से हर घर योग – सब रहें निरोग के संकल्प के साथ राष्ट्रसेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। राम कथा व्यास दिलीप शुक्ल ने कहा कि भारत माता पूजन समाज में व्याप्त धर्म, पंथ, जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाषावाद एवं लिंग-भेद से ऊपर उठकर एक ऐसे समरस समाज का निर्माण करता है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत हो। वहीं तुलसी पूजन को उन्होंने सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। संचालन डा राम कृष्ण पाण्डेय ने किया।





