कमीशन के हिस्से को लेकर आपस में भिड़े कर्मचारी
वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ । बलरामपुर अस्पताल में मेडिकल बनवाने के एवज में रूपये मांगे जा रहे हैं। शनिवार को इसी कमीशनबाजी को लेकर ओपीडी में दो कर्मचारी आपस में भिड़ गये। दोनों के बीच हुई इस झड़प के चलते कुछ देर तक यहां कामकाज भी प्रभावित रहा।
मालूम हो बलरामपुर अस्पताल में काफी संख्या में लोग मेडिकल बनवाने आते हैं। कई लोगों की शिकायत थी, इसके बदले उनके रूपये मांगे जाते हैं और रूपये देने न देने पर मेडिकल बनाने में आनाकानी की जाती है। ऐसी शिकायतों के बाद बीते दिनों अस्तपाल प्रशासन ने यहां तैनात संविदा कर्मी को हटाकर ओपीडी में लगा दिया। इसकी जिम्मेदारी नियमित कर्मी मो. अरशद खान को दे दी गयी।
शनिवार को अरशद अपने एक परिचित का मेडिकल कराने ओपीडी में जांच कराने गया तो वहां तैनात आमिर जोकि पहले मेडिकल बनाने का काम देख रहा था, भड़क गया। जब अरशद ने अपने परिचित का मेडिकल कराने को कहा तो आमिर ने रूपयों की मांग कि और कहा कि बिना रूपये दिने जांच नहीं होगी। इस पर दोनों कर्मचारी के बीच जमकर कहासुनी होने लगी। वाद-विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गयी।
किसी तरह वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों का शान्त कराया। अरशद ने किसी लिखित शिकायत अस्तपाल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से की है। अस्पताल निदेशक ने डा. ए.के. सिंह ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यी जांच कमेटी का किया गठित की है। इसकी जांच का जिम्मा डॉ. एसके सक्सेना और डॉ. संजय को सौंपा गया है।





