मथुरा। मथुरा जिले के छाता कोतवाली क्षेत्र के गांव तरौली जनूबी से सात दिन पहले लापता हुए नौ वर्षीय बच्चे का शव उसी गांव के तालाब में पाया गया।
उसके मामा ने किसी तांत्रिक द्वारा तंत्रमंत्र के लिये उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बुधवार
को बताया कि आगरा के जगनेर क्षेत्र के गांव चौरे का बरगवां निवासी हरिओम का बेटा दुष्यंत (नौ) अपनी मां संजू के साथ 10 फरवरी को तरौली जनूबी में अपनी ननिहाल में आया था।
उन्होंने बताया कि दुष्यंत 18 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे अपनी नानी सावित्री से बाहर खेलने की कहकर निकला,लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। रावत ने बताया कि दुष्यंत के मामा नन्द किशोर ने काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जांच में गांव के एक सीसीटीवी में बच्चा अकेले गांव के बाहर की ओर जाता दिखा लेकिन उसके बाद कुछ पता न चल सका। रावत ने बताया कि मंगलवार को दुष्यंत का शव गांव के ही पास एक तालाब में पाया गया।
उन्होंने बताया कि उसके मामा नंद किशोर ने आरोप लगाया है कि बच्चे के चेहरे और हाथ पैर पर जलाये जाने के निशान हैं, जिसकी वजह से आशंका है कि तंत्र-मंत्र के लिए उसकी हत्या की गई है। रावत के मुताबिक, नंद किशोर का कहना है कि गांव में दो साल पहले भी एक बच्चे का शव इसी प्रकार तालाब में ही मिला था और तब उसकी भी हत्या तंत्रमंत्र के लिये किये जाने की बात उठी थी। रावत ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने पर मौत का कारण का पता चल जाएगा।





