उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी महोत्सव का करेंगे समापन
लखनऊ। उत्तराखण्ड महापरिषद, लखनऊ अपनी गौरवमयी 77वीं वर्षगांठ मना रही है। इसी के साथ उत्तराखण्ड राज्य भी अपने हीरक जयन्ती वर्ष के पावन उत्सव का साक्षी बन रहा है। पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी ऐतिहासिक उत्तराखण्ड महोत्सव 2025 का आयोजन 9 नवम्बर से 18 नवम्बर तक पं. गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन, गोमती तट, लखनऊ में किया जा रहा है। आज उत्तराखण्ड महापरिषद का एक शिष्टमण्डल हरीश चन्द्र पंत (अध्यक्ष) के नेतृत्व में दीवान सिंह अधिकारी, श्री मंगल सिंह रावत, श्री भरत सिंह बिष्ट, राजेश बिष्ट, पुष्पा वैष्णव, रेनू तिवारी, अंजनी बौनाल एवं सुनीता रावत ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर भेंट की। शिष्टमण्डल ने मुख्यमंत्री से उत्तराखण्ड महोत्सव 2025 के उद्घाटन हेतु अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने 09 नवम्बर 2025 को उत्तराखण्ड महोत्सव का उद्घाटन करने की सहमति प्रदान की। इस अवसर पर अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत ने मुख्यमंत्री को उनके कुशल नेतृत्व एवं दीपोत्सव की हार्दिक बधाई दी।
दीवान सिंह अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में भारत के स्वदेशी उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी लगायी जा रही है। महासचिव भरत सिंह बिष्ट ने जानकारी दी कि महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के द्वारा तथा समापन 18 नवम्बर को मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के द्वारा किया जाएगा। महोत्सव में गजेन्द्र सिंह शेखावत, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, भारत सरकार तथा जयवीर सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।





