लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ स्थित जीपीओ पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद बच्चों ने भजनों के माध्यम से बापू को अपनी स्वरांजलि अर्पित की, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल और एमएलसी महेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी बापू को नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से भी महात्मा गांधी को याद करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि पूज्य बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और मानवता के लिए उनकी अपार करुणा पूरी दुनिया को हमेशा सही मार्ग दिखाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे बापू के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लें।





