back to top

बाइडन ने अमेरिका के राष्ट्रपति और कमला हैरिस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली

वाशिंगटन। डेमोक्रेटिक नेता जो बाइडन ने बुधवार को अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति और कमला देवी हैरिस ने देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को रोकने के लिए कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। दो सप्ताह पहले ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल बिल्डिंग में हिंसक उत्पात मचाया था।

डेमोक्रेटिक नेता बाइडन (78) को प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कैपिटल बिल्डिंग के वेस्ट फ्रंट में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस बार शपथ ग्रहण समारोह में कम लोगों को आमंत्रित किया गया था और नेशनल गार्ड के 25,000 से अधिक जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया। डोनाल्ड ट्रंप, बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए और अंतिम बार राष्ट्रपति के तौर पर व्हाइट हाउस से विदा लेते हुए विमान से फ्लोरिडा स्थित अपने स्थाई आवास मार-आ-लागो एस्टेट के लिए रवाना हो गए।

हालांकि, निवर्तमान उपराष्ट्रपति माइक पेंस समारोह में शामिल हुए। अमेरिका के इतिहास में सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बाइडन ने अपने परिवार की 127 साल पुरानी बाइबिल पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसी बाइबिल पर हाथ रखकर उन्होंने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। बाइडन के शपथ लेने से पहले भारतीय मूल की कमला देवी हैरिस ने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। हैरिस अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं।

भारत में चेन्नई से ताल्लुक रखने वाली प्रवासी भारतीय मां की बेटी हैरिस (56) ने अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनकर इतिहास रच दिया है। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत एवं पहली एशियाई अमेरिकी भी हैं। उनके पति 56 वर्षीय डगलस एमहॉफ इसके साथ ही अमेरिका के पहले सेकेंड जेंटलमैन , अमेरिकी उपराष्ट्रपति के प्रथम पुरुष जीवनसाथी बन गए हैं। उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमेयर ने हैरिस को शपथ दिलाई। समारोह में पूर्व राष्ट्रपति-बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बिल क्लिंटन भी शामिल हुए। पूर्व प्रथम महिला-मिशेल ओबामा, लौरा बुश और हिलेरी क्लिंटन भी मौजूद थीं।

शपथ ग्रहण समारोह में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश, संसद के सदस्यों समेत करीब 1,000 लोगों ने शिरकत की। कोविड-19 महामारी के कारण इस बार कम लोगों को आमंत्रित किया गया। बाइडन देश के सामने नई चुनौतियों के साथ व्हाइट हाउस में प्रवेश कर रहे हैं। कोविड-19 महामारी के कारण देश में 4,00,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लोग आर्थिक दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। नए राष्ट्रपति के सामने महामारी के कारण प्रभावित देश की अर्थव्यवस्था को फिर से आगे बढ़ाने की भी चुनौती होगी।

समारोह की शुरूआत दिन में ग्यारह बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई। लेडी गागा ने राष्ट्रगान गाया। अदाकारा-गायिका जेनिफर लोपेज ने भी प्रस्तुतियां दी। पिछले दिनों ट्रंप समर्थकों के उत्पात के कारण कैपिटल बिल्डिंग के आसपास के इलाके को पूरी तरह किले में बदल दिया गया था। सड़कों पर जगह-जगह बैरिकेड भी लगा दिए गए। राज्यों में भी सुरक्षा एजेंसियां चौकसी बरत रही हैं।

RELATED ARTICLES

ईरान में फंसे बाराबंकी जिले के लोगों के परिजन चिंतित, केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार

बाराबंकी। अमेरिका व इजराइल के हमले के बाद र्ईरान में फंसे बाराबंकी जिले के कई लोगों के परिवार बेहद चिंतित हैं और उन्होंने भारत...

दुबई में फंसीं इस अभिनेत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी

नयी दिल्ली। ‘जन्नत’ और ‘3जी- ए किलर कनेक्शन’ जैसी फिल्मों में अभिनय से मशहूर हुईं अभिनेत्री सोनल चौहान ने सभी उड़ान सेवाओं के अनिश्चितकालीन...

एफपीआई ने फरवरी में भारतीय शेयर बाजार में 22,615 करोड़ रुपये डाले, 17 माह का उच्चस्तर

नयी दिल्ली। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने फरवरी में भारतीय शेयर बाजार में 22,615 करोड़ रुपये डाले हैं, जो 17 माह का उच्चस्तर है।...

हर तरफ रंगों व पिचकारियों की धूम, जमकर हो रही खरीदारी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद, आलमबाग, भूतनाथ, आईटी चौराहा जिधर भी चले जाओ हर तरफ बाजार में होली की उमंग दिख रही है। कोई...

चंद्र ग्रहण आज, सूतक मान्य, बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट

लखनऊ। फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (तीन मार्च) को साल के पहले चंद्रग्रहण पर सूतककाल में लखनऊ के सभी मंदिर बंद रहेंगे।...

भगवान नरसिंह की भव्य शोभा यात्रा व होली उत्सव कल

शोभा यात्रा एवं होली उत्सव का आयोजनलखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ द्वारा होली के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह रंग भरी भव्य शोभा यात्रा...

मचो फाग घनघोर आज होरी झूम री…

गोमती तट पर सजी 84वीं लोक चौपाल, नाव में गूंजा फागलखनऊ। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा सोमवार को कुड़िया घाट पर 84वीं लोक चौपाल...

महाकाव्य ग्रन्थ महाभारत की कहानी है नाटक दूतवाक्यम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम एवं सफर फाउण्डेशन की ओर से नाटक दूतवाक्यम का मंचन बौद्ध शोध संस्थान में किया गया। नाटक का निर्देशन...

मैंने आंगन नहीं बुहारा कैसे आएंगे भगवान…

गायत्री यज्ञ, भजन कीर्तन संग हुआ प्रसाद वितरण लखनऊ। शास्त्री मोंटेसरी स्कूल, राजेंद्र नगर, लखनऊ में आज फाल्गुन चतुर्दशी/ पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री यज्ञ,...