मथुरा। मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र से पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के जरिए लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अलग-अलग बैंक खातों के विवरण के साथ-साथ फर्जी आधार कार्ड, सिम और अन्य दस्तावेज मिले हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को खुफिया सूचना के आधार पर गांठौलीदेवसेरस मार्ग से पुलिस को एक युवक मिला जिसके पास रमेश पुत्र श्यामवीर निवासी मुरसान, हाथरस का आधार कार्ड पाया गया, मगर पुलिस को उसकी पहचान पर शक हुआ।
उन्होंने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने बताया कि उसका नाम सत्तार है, वह गोवर्धन थाना क्षेत्र के नगला अकातिया गांव में रहता है और साइबर ठगी गिरोह का सदस्य है। गुर्जर ने बताया कि सत्तार ने पूछताछ में उमेश सैनी से 51 लाख 75 हजार, अहतशाम अहमद अंसारी से करीब तीन करोड़ और जयेश भाई रावल से छह लाख रुपये की साइबर ठगी करने की बात कुबूल की है। गोवर्धन क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार सिंह का मानना है कि सत्तार किसी बड़े साइबर अपराध गिरोह से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि अभी सत्तार ने अपने गिरोह के बारे में जानकारी नहीं दी है मगर जल्द ही पूछताछ व जांच के माध्यम से पूरा मामला सामने आ जाएगा।





