- मुख्यमंत्री योगी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
- सर्विलांस के लिए बढ़ेंगी निगरानी समितियां
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीब कल्याण योजना पर प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में गरीब कल्याण व ग्रामीण विकास को नया आधार देने के लिए प्रधानमंत्री की पहल पर संचालित किया जा रहा यह अभियान गांवों में आजीविका के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री की आकांक्षाओं तथा अपेक्षाओं के अनुरूप गरीब कल्याण रोजगार अभियान को संचालित करते हुए इसका लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए कृत संकल्पित है। इसके पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) के जिलों में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए एक बेहतर कार्य योजना बनाकर उसे लागू करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
टीम-11 के साथ बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा की
टीम-11 के साथ बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सर्विलांस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए निगरानी समितियों की संख्या बढ़ायी जाए। एक लाख की संख्या में निगरानी समितियां स्थापित करने से सर्विलांस व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को सर्विलांस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश भी दिये।
डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता
योगी ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से पैदा परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी उपाए किया जाना जरूरी है। डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्य करने वाले डॉक्टरों को मरीजों के उपचार संबंधी दायित्व सौंपे जाने पर विचार किया जाए। मुख्यमंत्री ने रैंडम चेकिंग की बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोविड-19 के प्रसार की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कोरोना में कारगर रणनीति निर्धारित करने में मदद मिलेगी
इस जानकारी के आधार पर कोरोना के खिलाफ जंग में कारगर रणनीति निर्धारित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में प्राथमिकता के आधार पर कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। इसके माध्यम से लोगों को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव और उपचार की जानकारी मुहैया करायी जाए। उन्होंने कोविड हेल्प डेस्क पर सेनिटाइजर, इंफ्रारेड थमार्मीटर तथा पल्स आक्सीमीटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
राशन बांटने का अभियान फिर से शुरू
कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने में लोगों को जागरूक किये जाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार जारी रखा जाए। चौराहों, बाजार, बस स्टेशन आदि पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन काउण्टर के समीप कोेरोना से बचाव संबंधी बैनर लगाए जाएं।
योगी ने कहा कि शनिवार से राशन बांटने का अभियान फिर से शुरू हो गया है। उन्होंने निर्देश दिये कि राशन बांटने का काम पूरी पादर्शिता से संचालित किया जाए। सभी जिलाधिकारी राशन वितरण कार्य की प्रभावी मॉनीटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमन्द व्यक्ति खाद्यान्न से वंचित न होने पाये। उन्होंने अवैध प्लॉटिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश भी दिये हैं।
लाभान्वित होने वाले जिले
सिद्धार्थनगर, प्रयागराज, गोण्डा, महराजगंज, बस्ती, बहराइच, बलरामपुर, जौनपुर, हरदोई, आजमगढ़, गोरखपुर, सुल्तानपुर, कुशीनगर, संत कबीरनगर, बांदा, अम्बेडकर नगर, सीतापुर, वाराणसी, गाजीपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अयोध्या, देवरिया, अमेठी, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, फतेहपुर, मिर्जापुर, जालौन और कौशाम्बी।





