लखनऊ। वेटरन खिलाड़ियों की शानदार प्रतिस्पर्धा के बीच योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में लखनऊ के अनुभवी खिलाड़ी अरुण कक्कड़ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दोहरे खिताब अपने नाम किए। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित की जा रही है।
बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खंड, गोमती नगर में चल रही इस प्रतियोगिता में अरुण कक्कड़ ने पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में खिताब जीतकर अपनी उत्कृष्ट फिटनेस और अनुभव का शानदार उदाहरण पेश किया। पुरुष एकल 70+ के फाइनल में अरुण कक्कड़ ने पहले गेम में पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए बरेली के अनिल मेहरोत्रा को 15-21, 21-11, 21-7 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष युगल 65+ के फाइनल में अरुण कक्कड़ ने गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव के साथ मिलकर अनिल कुमार भटनागर और पंकज गुप्ता (नोएडा/कानपुर) की जोड़ी को 21-10, 21-16 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत में दोनों खिलाड़ियों की तालमेल और आक्रामक खेल शैली देखने लायक रही।
महिला वर्ग में भी लखनऊ की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मधु ज्ञानचंदानी ने महिला एकल 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में शीर्ष वरीयता को सही साबित करते हुए गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा को कड़े मुकाबले में 8-21, 21-13, 21-17 से हराकर खिताब जीता। मधु इससे एक दिन पहले युगल वर्ग का खिताब भी जीत चुकी थीं, जिससे उन्होंने टूर्नामेंट में दोहरी सफलता हासिल की।
महिला एकल 50 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ की सुषमा सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शीर्ष वरीय गाजियाबाद की सुनीता यादव को 21-4, 21-6 से पराजित कर उलटफेर के साथ खिताब अपने नाम किया।

अन्य मुकाबलों में मिश्रित युगल 60+ के फाइनल में महेंद्र सिंह और रेखा सिंह (लखनऊ/गाजियाबाद) ने मृदुल बत्रा और ममता रानी यादव (बरेली/नोएडा) को 21-12, 21-13 से हराया। पुरुष एकल 55+ के फाइनल में कानपुर के पवन गुप्ता ने जौनपुर के धर्मेंद्र शर्मा को 21-18, 21-8 से पराजित किया। वहीं पुरुष एकल 75+ वर्ग में वाराणसी के योगेंद्र कुमार जायसवाल ने लखनऊ के जगदीश सिंह कुशवाहा को 21-6, 21-2 से हराकर खिताब जीता।
मिश्रित युगल 45+ के फाइनल में रविंद्र सिंह और कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) की जोड़ी ने दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह और मधु ज्ञानचंदानी की जोड़ी को 21-18, 21-11 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। चैंपियनशिप के चौथे और अंतिम दिन रविवार को भी कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।





