टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने गए खिलाड़ियों के कोविड-19 संक्रमित होने की संख्या में इजाफा हो रहा है। बुधवार को खेल गांव में दो खिलाड़ियों सहित चार लोगों कोरोना संक्रमित पाए गए। गुरुवार को इनके संक्रमित होने की पुष्टि की गई। टोक्यो ओलंपिक से जुड़े लोगों की अब तक कोरोना जांच करने के बाद इस महीने संक्रमितों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है।
बुधवार को नीदरलैंड के स्केटबॉर्डर कैंडी जैकब्स और चेक गणराज्य के टेबिल टेनिस खिलाड़ी पावेल सिरुसेक की जांच की गई जिसमें वे कोरोना संक्रमित निकले। जिसके बाद उन्हें खेल गांव छोड़ना पड़ा और होटल में क्वारंटीन किया गया। दो अतिरिक्त खेल संबंधित सदस्य एक श्रेणी जिसमें कोच और टीम के अधिकारी शामिल हैं जो खेल गांव में उपस्थित थे। आयोजकों के मुताबिक 1 जुलाई से खेल गांव में कोरोना संक्रमितों की तादाद बढ़कर 91 हो गई है। वहीं आयोजकों ने भी दो एथलीटों को संक्रमित होने की बात मान ली है। लेकिन यह भी साफ है कि इससे टोक्यो ओलंपिक के आयोजन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से लेकर 8 अगस्त के दरम्यान किया जाएगा।
इससे पहले टोक्यो ओलंपिक का आयोजन साल 2020 में होना था। लेकिन कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते इन खेलों को एक साल तक के लिए टाल दिया गया। उधर टोक्यो में लगातार कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को टोक्यो में 1387 नए मामले कोरोना के आए थे।
हालांकि जापान सरकार की तरफ से पूरी कोशिश की गई है कि इन खेलों पर कोरोना का असर न पड़े। बीते दिन प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने भी कहा था कि उन्हें इस मुश्किल समय में टोक्यो ओलंपिक का सफल आयोजन करके दिखाना है। जबकि कोविड-19 का प्रभाव को रोकने के लिए टोक्यो में छह हफ्ते का कोरोना आपातकाल पहले ही लगाया जा चुका है।