लखनऊ। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के लखनऊ मंडल ने सशस्त्र बलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक शहीद सैनिक के परिवार को 1 करोड़ रुपये के बीमा दावे का चेक प्रदान किया है। बैंक की एएमसी कैंट शाखा ने यह राशि शहीद सैनिक स्वर्गीय होम बहादुर गुरुंग की पत्नी दुर्गा देवी गुरुंग को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा दावे के तहत सौंपी।
बता दें कि नेपाल के मूल निवासी सैनिक होम बहादुर गुरुंग गोरखा राइफल्स में तैनात थे और 16 अगस्त, 2025 को सेवा के दौरान उन्होंने शहादत प्राप्त की थी। एसबीआई के डिफेंस सैलरी पैकेज (डीएसपी) के तहत यह वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। चेक प्रदान करने के अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक अवंतिका सिंह मिश्रा और कर्नल देवेश जयंत जोशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस सहायता की खास बात यह है कि लखनऊ से जारी इस चेक को नेपाल में भी एसबीआई की शाखाओं के माध्यम से आसानी से जमा और क्लियर किया जा सकेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय लेनदेन की जटिलता खत्म होगी और शहीद के परिवार को समय पर मदद मिल सकेगी। इस मौके पर बैंक की एजीएम दीप्ति द्विवेदी सहित सेना और बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





