चेन्नई । अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता के.टी. राजेंद्र बालाजी ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है कि उनकी पार्टी ने आने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में गठबंधन के लिए अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली पार्टी टीवीके से संपर्क किया था।बालाजी ने कहा कि विजय का राजनीति में आना मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य को प्रभावित नहीं करेगा और अन्नाद्रमुक ही सत्ताधारी द्रमुक का एकमात्र मजबूत विकल्प बनी हुई है।उन्होंने संवाददाताओं से कहा,अन्नाद्रमुक के नेता उनसे बातचीत के लिए नहीं गए। अगर कोई हाथ नहीं मिलाता, तो अकेले ही खड़ा होना पड़ता है, और हम इसके लिए तैयार हैं।
पूर्व मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि विजय के आने से अन्नाद्रमुक के पारंपरिक वोट बैंक को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा,अन्नाद्रमुक का वोट बैंक कभी कमजोर नहीं होगा और न ही टूटेगा। लोग दो पत्ती चुनाव चिह्न पर वोट देने के लिए तैयार हैं। मौजूदा द्रमुक सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी अपने आप ही एडापड्डी के. पलानीस्वामी के समर्थन में बदल जाएगी।
पार्टी के अपने गठबंधन और सीटों के बंटवारे की घोषणाओंमें हो रही कथित देरी के बारे में पूछे जाने पर, बालाजी ने कहा कि इसमें कोई गतिरोध नहीं है।उन्होंने बताया कि पार्टी दिवंगत नेता जयललिता के समय अपनाई गई, रणनीतिक तरीके से धैर्य रखने की नीति पर ही चल रही है, और अपने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने तथा उनकी घोषणा करने के लिए किसी शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रही है।बालाजी ने दोहराया कि राजनीतिक मैदान में नए लोगों के आने के बावजूद, जनता पूरी तरह से पलानीस्वामी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में है।





